अर्थव्यवस्था में आई सुस्ती से चिंतित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हालात का जायजा लेने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली तथा अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
विकास को बढ़ावा देने के लिए उपचारात्मक उपायों पर चर्चा करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, जेटली तथा वित्त मंत्रालय के सचिवों के साथ देश के आर्थिक हालात का जायजा लेंगे और अर्थव्यवस्था को तेजी देने के विकल्पों पर चर्चा करेंगे।
पढ़ें- GDP में भारी गिरावट, जेटली बोले- अर्थव्यवस्था के लिए बेहद चिंता की बात
यह बैठक मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी विकास दर के तीन साल के निम्न स्तर पर पहुंचने के कुछ दिनों के बाद हो रही है। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में जीडीपी विकास दर 5.7 फीसदी रही, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 7.9 फीसदी तथा जनवरी-मार्च तिमाही में 6.1 फीसदी थी।
जीडीपी विकास दर में लगातार छठी बार गिरावट दर्ज की गई है और आर्थिक सर्वेक्षण-2 के अनुमानों के मुताबिक अर्थव्यवस्था अपस्फीति संबंधित दबावों के कारण 7.5 फीसदी विकास दर के लक्षित आंकड़े को हासिल नहीं कर सकती है।