पिछले एपिसोड में भारतीय उत्पादों की बढ़ती मांग पर की थी बात
मन की बात के 139वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने कहा था कि भारत के स्थानीय उत्पादों की मांग अब विदेशों में भी बढ़ रही है। उन्होंने बिहार के पूर्णिया के मखाने और कर्नाटक के कलबुर्गी की अरहर दाल का उदाहरण दिया था।
पीएम मोदी के मुताबिक, पूर्णिया का मखाना ग्रीस और कलबुर्गी की अरहर दाल मालदीव तक पहुंच रही है। इससे भारतीय किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर बन रहे हैं।
भाई परमानंद की 150वीं जयंती का किया था जिक्र
पिछले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी भाई परमानंद को भी याद किया था। उन्होंने बताया था कि 4 नवंबर को उनकी 150वीं जयंती थी। भाई परमानंद आर्य समाज और गदर पार्टी से जुड़े थे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और गुयाना में भी काम किया था।
आजादी की लड़ाई में उन्हें काला पानी की सजा भी हुई थी। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया था कि भाई परमानंद ने भगत सिंह को पढ़ाया था।
अंगदान को बताया था बेहद जरूरी
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की शिवानी का उदाहरण देते हुए अंगदान की अहमियत बताई थी। शिवानी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई थीं। इसके बाद उनके परिवार ने उनके अंगदान का फैसला लिया।
पीएम मोदी ने कहा था कि परिवार के इस फैसले से समाज और देश को एक बड़ा संदेश मिला है। अंगदान से किसी दूसरे व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है।
एक दिन में 28 करोड़ रुपये से ज्यादा के खादी उत्पाद बिके
पिछले एपिसोड में प्रधानमंत्री ने खादी की बढ़ती बिक्री का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि गांधी जयंती के मौके पर एक ही दिन में खादी ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री 28 करोड़ रुपये से अधिक रही।
यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले करीब डेढ़ करोड़ रुपये ज्यादा था। प्रधानमंत्री ने इसे देश में स्थानीय उत्पादों के प्रति बढ़ते भरोसे का उदाहरण बताया था।