प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1975 में लगी इमरजेंसी को लोकतंत्र की सबसे काली रात करार दिया है। अपने रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में प्रधानमंत्री ने यह बात कही।
उन्होंने कहा कि '1975 में आपातकाल हमारे लोकतंत्र की सबसे काली रात थी।' बता दें कि 43 साल पहले यानि की 25 जून 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था, लिहाजा भाजपा ने कांग्रेस को आपातकाल को लेकर प्रभावी ढंग से घेरने की रणनीति बनाई है।
इमरजेंसी पर 25-26 जून को कांग्रेस को घेरेगी भाजपा
आपातकाल के विरोध में भाजपा 25-26 जून को देशभर में जोर-शोर से काला दिवस मनाने की तैयारियां कर रही है। पार्टी ने इस कार्यक्रम को पूर्ण रूप से सफल बनाने के लिए मोदी मंत्रिमंडल के 16 मंत्रियों को मैदान में उतारा है।
वहीं राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और नितिन गडकरी जैसे वरिष्ठ मंत्रियों को कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। वहीं जेवीएल नरससिम्हा राव को छोड़ कर सभी राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को उत्तर-पूर्व राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी है।