प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के प्रमुख गुलाम नबी आजाद से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने आजाद से स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। आजाद पाकिस्तान और उसके संरक्षित आतंकवाद के खिलाफ भारत का संदेश देने के लिए विदेश गए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने आजाद को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। आजाद के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे भाजपा सांसद बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को कहा था कि आजाद की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकीय निगरानी में हैं। पांडा ने कहा था कि बहरीन और कुवैत में हुई बैठकों में आजाद का योगदान अत्यंत प्रभावशाली था तथा उनके बीमार हो जाने से वह निराश हैं।
प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय मई में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चले सैन्य संघर्ष के बाद लिया गया, जो 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद हुआ था। पांडा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन और अल्जीरिया की यात्रा कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Mohammad Sinwar: 'हवाई हमले में मारा गया हमास का गाजा चीफ मोहम्मद सिनवार'; नेतन्याहू ने संसद में दी ये जानकारी
पांडा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा था, भारत और कुवैत आतंकवाद के खिलाफ अपनी साझा प्रतिबद्धता में एकजुट हैं। हमारे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के सहयोगियों के साथ हमने उपप्रधानमंत्री और कैबिनेट मामलों के राज्य मंत्री शेरिदा अब्दुल्ला साद अल मौशरजी से मुलाकात की, ताकि उन्हें सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए भारत की हालिया कार्रवाइयों के बारे में जानकारी दी जा सके। आतंकवाद के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतने के भारत के रुख को उजागर करने के लिए सोमवार को बहरीन से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल यहां पहुंचा।
यहां भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था,आतंकवाद के खिलाफ एकजुट। बैजयंत जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने कुवैत के उपप्रधानमंत्री व कैबिनेट मामलों के राज्य मंत्री शेरिदा ए एस अल-मौशरजी से मुलाकात की और उन्हें सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए भारत की हालिया कार्रवाइयों से अवगत कराया। दोनों पक्षों ने आतंकवाद के प्रति अपने शून्य-सहिष्णुता के दृष्टिकोण की पुष्टि की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दूतावास में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।
मिशन ने एक अन्य पोस्ट में कहा गया, गांधीजी के शांति, अहिंसा और सहिष्णुता के स्थायी संदेश को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए! जय पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने दूतावास में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य कुवैत की ‘ग्रैंड मॉस्क’ भी गये, जो खाड़ी देश में चार दशक पहले बनी सबसे बड़ी मस्जिद है।