प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वंदे भारत एक्सप्रेस की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव की सराहना की है। उन्होंने सुरेखा यादव को लेकर किए गए केंद्रीय मंत्री रावसाहेब पाटिल दानवे के ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की उपलब्धियां यह विश्वास दिलाती हैं कि 'अमृत काल' के संकल्प साकार होंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि यह नए भारत में नारी शक्ति का विश्वास है। जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं की ये उपलब्धियां आज हमें विश्वास दिलाती हैं कि अमृत काल के संकल्प साकार होंगे।
योग पर पीएम मोदी दे रहे जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि काम की व्यस्तता और गतिहीन जीवन शैली अपने साथ कई चुनौतियां लेकर आती है। ऐसे में स्वस्थ रहने का एक अच्छा तरीका कार्यस्थल पर भी योग का अभ्यास करना है।
उनकी यह टिप्पणी आयुष मंत्रालय के ट्वीट की प्रतिक्रिया में आई है। दरअसल,केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने योग में सामूहिक भागीदारी को प्रेरित करने के लिए खास तौर पर कॉर्पोरेट कार्यस्थलों और वर्कोहोलिक के लिए "वाई-ब्रेक" पर एक मिनट का वीडियो लॉन्च किया था। इसे लेकर ही आयुष मंत्रालय ने ट्वीट किया था।
भारत ऊर्जा में आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध
वहीं, एक अन्य ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ऊर्जा में आत्मनिर्भरता और सतत विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका यह ट्वीट केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के उस ट्वीट के जवाब में था।
हरदीप पुरी ने अपने ट्वीट में लिखा था कि 'भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता, तेल का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता, तीसरा सबसे बड़ा एलपीजी उपभोक्ता, चौथा सबसे बड़ा एलएनजी आयातक, चौथा सबसे बड़ा रिफाइनर और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार है। उन्होंने कहा था कि 2047 तक भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भर होने की यात्रा की अच्छी शुरुआत हुई है।
आयुष्मान भारत योजना बचा रही गरीबों का जीवन
साथ ही पीएम मोदी ने आयुष्मान भारत योजना के प्रभाव के बारे में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी के एक ट्वीट पर भी जवाब दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक उदाहरण है कि कैसे यह योजना गरीबों के जीवन को बचा रही है।