कर्नाटक चुनाव प्रचार अपने आखिरी दौर में है। राज्य की तीनों बड़ी पार्टियों (काग्रेस, भाजपा और जेडीएस) के नेता आज चुनाव प्रचार में पूरा दमखम दिखा रहे हैं। एक तरफ जहां भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीएस येदियुरप्पा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेताओं ने मोर्चा संभाला हुआ है। तो वहीं कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और राज्य के सीएम सिद्धारमैया ताबड़तोड़ रालियां कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जेडीएस की ओर से पार्टी प्रमुख एचडी देवगौड़ा वह उनकी सहयोगी पार्टी बसपा मुखिया मायावती ने कमान संभाली हुई है।
इसी क्रम में पीएम मोदी ने राज्य के चिकमंगलूर जिले में कांग्रेस से जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता सिर्फ एक ही बात सोचते हैं कि देश का प्रधनमंत्री कैसे बना जाए। इसके अलावा कांग्रेस नेताओं के दिमाग में कुछ नहीं चलता है। उन्होंने कहा कि यह उनका अहंकार है। उन्होंने जनसभा में जनता से पूछते हुए कहा कि बताइए अगर ये उनका अहंकार नहीं है तो क्या है?
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ सत्ता में रहना चाहती है। उन्होंने कहा कि सन् 1978 में इंदिरा गांधी जी यहां आई थीं सिर्फ वोट लेने के लिए लेकिन इस क्षेत्र के लोगों की उन्होंने कभी कोई परवाह नहीं की। कांग्रेस ने कभी भी चिकमंगलूर के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने भी बेलारी से चुनाव लड़ा था लेकिन उस दौरान उन्होंने जो वादे किए थे उसका क्या हुआ?