प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा, आत्मनिर्भर भारत मिशन रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। क्रिकेट से लेकर कोरोना के खिलाफ लड़ाई तक यह जज्बा हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल है।
भारत दुनिया को दे रहा है सुरक्षा कवच का विश्वास
पीएम ने कहा, भारत दुनिया को अपने यहां तैयार कोरोना के टीके से सुरक्षा कवच का विश्वास दिला रहा है। आज का भारत समस्या के समाधान के लिए प्रयोगों से भी नहीं डरता और बड़े स्तर पर काम करने से भी पीछे नहीं हटता।
इसका उदाहरण है हर गरीब परिवार को घर देने, हर घर जल पहुंचाने, सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना और अब सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान भी भारत में शुरू हो रहा है।
वाराणसी के कोरोना योद्धाओं से की बात, कहा-सिद्धि का नतीजा टीकाकरण अभियान
पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के तीन केंद्रों पर छह लोगों से वर्चुअल संवाद किया। इनमें महिला अस्पताल में मैट्रन पुष्पा देवी और वैक्सिनेटर रानी कुंवर श्रीवास्तव, जिला अस्पताल में सीएमएस डा. वी शुक्ला, एसएलटी रमेश चंद्र, सफाई कर्मी अप्सरी बेगम, सीएचसी हाथी पर एएनएम श्रृंखला चौहान वर्चुअल संवाद में शामिल रहे।
पीएम ने कहा, 2021 की शुरुआत बहुत ही शुभ संकल्पों से हुई है। काशी के बारे में कहते हैं कि यहां शुभता सिद्धि में बदल जाती है। इसी सिद्धि का परिणाम है कि आज विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान हमारे देश में चल रहा है। दो मेड इन इंडिया वैक्सीन भारत में तैयार हुई हैं। इस मामले में भारत न सिर्फ पूरी तरह से आत्मनिर्भर है बल्कि कई देशों की मदद भी कर रहा है।