प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में एक महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नितिन नवीन ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में अभियान की घोषणा की। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल 7 अक्तूबर 2026 को पूरे होंगे। मोदी ने 7 अक्तूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद करीब 13 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के बाद वह 2014 में देश के प्रधानमंत्री बने। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष ने बुधवार को कहा कि उनकी जनसेवा की यात्रा लगातार जारी है और पार्टी इस अवसर पर 'संकल्प सेवा अभियान' चलाएगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'संकल्प से सिद्धि' तक की यात्रा में कई उपलब्धियां हासिल की हैं और उनके नेतृत्व में देश में व्यापक बदलाव आया है।
'25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया'
नितिन नवीन ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनी, उस समय देश में 'अंधकार का माहौल' था। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया और आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
यह भी पढ़ें-
कांग्रेस: अमेरिकी नागरिक पर से हटा यूएपीए; जयराम रमेश केंद्र पर हमलावर, पूछा- किसके दबाव में झुकी मोदी सरकार?
प्रधानमंत्री मोदी का विजन स्पष्ट है- नितिन नवीन
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन स्पष्ट है और उनके नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की साख मजबूत हुई है। दुनिया में भारत का प्रभुत्व और सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय खुद को पहले से अधिक सुरक्षित महसूस करता है।
'देश अब पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है'
नितिन नवीन ने यह भी दावा किया कि देश अब पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष देश की सेवा और विकास को समर्पित रहे हैं। इसी उपलब्धि को रेखांकित करने के लिए भाजपा 'संकल्प सेवा अभियान' के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।
17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन से होगी। भाजपा इस दिन को 'सेवा दिवस' के रूप में मनाती है। अभियान की शुरुआत रक्तदान शिविर से होगी। इसके अलावा 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। 2 अक्तूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान देशभर में प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन को दिखाने वाली फोटो और डिजिटल प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर सेमिनार और विचार गोष्ठियां होंगी। युवाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
जन्मदिन पर 17 सितंबर से भाजपा का सेवा अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। भाजपा के मुताबिक, 17 सितंबर की शाम सात बजे दीया जलाया जाएगा। वाराणसी से वडनगर तक सेवा अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान करीब 20 दिनों तक चलेगा और इस दौरान प्रतिदिन पांच से सात कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेवा यात्रा 10 राज्यों से होकर गुजरेगी।
यह भी पढ़ें-
तमिलनाडु की सियासत: टीवीके गठबंधन की बैठक से सीपीएम बनाएगी दूरी, जानें कौन-कौन सी पार्टियां होंगी शामिल
अभियान के तहत 2 अक्तूबर को स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जबकि 7 अक्तूबर को ज्योति कलश यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 17 अक्तूबर को जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया जाएगा। इसमें पंचायत स्तर से लेकर सांसद तक के प्रतिनिधियों को सम्मानित किए जाने की योजना है। पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति योगदान को रेखांकित किया जाएगा। अभियान के दौरान सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महिलाओं के विकास को बताया बड़ी उपलब्धि
भाजपा अध्यक्ष ने महिला सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' से शुरू हुआ सफर अब 'लखपति दीदी' तक पहुंच गया है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को नीति निर्माण में अधिक भागीदारी देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सीमावर्ती गांवों को लेकर सरकार की सोच में बदलाव का भी दावा किया। नितिन नवीन ने कहा कि पहले इन गांवों को देश के 'अंतिम गांव' कहा जाता था, लेकिन अब इन्हें 'देश के पहले गांव' के रूप में देखा जाता है।
'साधारण कार्यकर्ता से प्रधान सेवक तक का सफर'
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर को एक सामान्य भाजपा कार्यकर्ता से देश के 'प्रधान सेवक' तक का सफर बताया। उन्होंने कहा कि मोदी की सोच, संकल्प और लगातार किए गए प्रयासों ने देश और समाज में बदलाव लाने में भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जिम्मेदारी है कि प्रधानमंत्री के 25 साल के सार्वजनिक जीवन और सेवा के संदेश को देश के लोगों तक पहुंचाया जाए। 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह महीनेभर का अभियान इसी उद्देश्य से देशभर में चलाया जाएगा।