मैन वर्सेज वाइल्ड के विशेष एपिसोड में बेयर ग्रिल्स और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
- फोटो : यूट्यूब/डिस्कवरी चैनल इंडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिस्कवरी चैनल के कार्यक्रम मैन वर्सेस वाइल्ड की शूटिंग के दौरान अदम्य साहस का परिचय दिया। मोदी कार्यक्रम के संचालक बेयर ग्रिल्स के साथ जंगल में लगभग अकेले घूमे, जहां बाघ, हाथी और जंगली जानवरों के आने का खतरा रहता है। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में शूटिंग के दौरान जानवरों से उनकी सुरक्षा के लिए न तो एसपीजी और न ही वन्य कर्मियों ने अलग से प्रबंध किया था।
ज्यादा से ज्यादा वे ऐसी स्थिति में पटाखे चला सकते थे या हवा में फायरिंग कर सकते थे, लेकिन उन्हें इसकी जरूरत नहीं पड़ी। कार्यक्रम का प्रसारण सोमवार को किया जाएगा। उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शूटिंग स्थल से लगभग 100 मीटर दूरी पर 25 वनकर्मी तैनात थे और पीएम की सुरक्षा में लगे एसपीजी के जवान भी लगभग 50 मीटर दूर थे। केवल तीन जवान कैमरामैन के पीछे थे।
शूटिंग के दौरान एसपीजी कर्मियों की सलाह को दरकिनार कर मोदी ने रामगंगा नदी को ग्रिल्स द्वारा झाड़ियों और लताओं की मदद से बनाई नाव के जरिये पार किया। कुछ देर बाद नाव तेज बहाव में डूबने लगी। घबराकर ग्रिल्स पानी में उतर गए और बर्फीले पानी में तैरते हुए नाव को किनारे की ओर धकेलने लगे।
हालांकि मोदी ने धैर्य नहीं खोया। इसके बाद मोदी ने ढिकाला टूरिस्ट कांप्लेक्स के नजदीक घास के मैदान में शूटिंग की। बाघ और हाथी अक्सर इस मैदान को पार कर नदी की ओर जाते दिखाई दे जाते हैं। यहां ग्रिल्स ने मोदी के साथ जंगल में जिंदा रहने के कुछ गुर साझा किए और मोदी से हिमालय पर अकेले रहने के अनुभव सीखे।