PM Modi on Pakistan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद देश के नाम अपने संबोधन में आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई से आतंकी संगठनों के ठिकाने ही नहीं, बल्कि हौसला भी थर्रा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सोमवार को देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर हमले की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर हमला कर दिया। प्रधानमंत्री ने क्या-क्या कहा-
थर्रा गया आतंक का हौसला: प्रधानमंत्री ने कहा, जब पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर भारत की मिसाइलों ने हमला किया, भारत के ड्रोन ने हमला बोला तो आतंकी संगठनों की इमारतें ही नहीं, बल्कि उनका हौसला भी थर्रा गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के ड्रोन, मिसाइलों ने सटीकता से हमला किया। पाकिस्तानी वायु सेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया, जिन पर पाकिस्तान को बहुत घमंड था। भारत ने पहले तीन दिन में ही पाकिस्तान को इतना तबाह कर दिया, जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था। इसलिए भारत की आक्रामक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बचने के रास्ते खोजने लगा। पाकिस्तान दुनियाभर में तनाव कम करने के लिए गुहार लगा था और बुरी तरह पिटने के बाद इसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे डीजीएमओ से संपर्क किया। तब तक हम आतंकवाद के ढांचे को बड़े पैमाने पर तबाह कर चुके थे।
विज्ञापन
टेरर और टॉक साथ नहीं चल सकते: पाकिस्तानी फौज, पाकिस्तान की सरकार जिस तरह आतंकवाद को खाद-पानी दे रहे हैं, वो एक दिन पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा। पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने आतंकी ढांचे का सफाया करना ही होगा। इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है। भारत का मत एकदम स्पष्ट है- टेरर (आतंक) और टॉक (वार्ता), एकसाथ नहीं हो सकते। टेरर और ट्रेड एकसाथ नहीं चल सकते। ...और पानी और खून भी एकसाथ नहीं बह सकता।
खुद बेनकाब हो गया पाकिस्तान: प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान घोर निराशा में घिर गया था। हताशा में घिर गया था। बौखला गया था और इसी बौखलाहट में उसने एक और दुस्साहस किया। आतंक पर भारत की कार्रवाई का साथ देने के बजाय पाकिस्तान ने भारत पर ही हमला करना शुरू कर दिया। पाकिस्तान ने हमारे स्कूलों-कॉलेजों, गुरुद्वारों, मंदिरों, सामान्य नागरिकों के घरों को निशाना बनाया। पाकिस्तान ने हमारे सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, लेकिन इसमें भी पाकिस्तान खुद बेनकाब हो गया।
पाकिस्तान के सीने पर किया वार: उन्होंने कहा, दुनिया ने देखा कि कैसे पाकिस्तान के ड्रोन्स, पाकिस्तान की मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं। भारत के सशक्त एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया। पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया।
आतंकवाद पर निर्णायक कदम उठाते रहेंगे: प्रधानमंत्री ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने पाकिस्तान का वह घिनौना सच देखा है, जब मारे गए आतंकियों को विदाई देने पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़ पड़े। राज्य प्रायोजित आतंकवाद का यह बहुत बड़ा सबूत है। हम भारत और अपने नागरिकों को किसी भी खतरे से बचाने के लिए लगातार निर्णायक कदम उठाते रहेंगे।