उनके चेहरे की खुशी बता रही थी कि कोई बड़ा सपना पूरा हुआ है। पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह के खास मेहमान बने सफाईकर्मी, मजदूर और ट्रांसजेंडर समुदाय को पहली बार इतने बड़े समारोह का आमंत्रण मिला था। उनके शब्दों में समझें तो ऐसा सम्मान उन्होंने सोचा भी नहीं था।
निर्माणकर्मी अंगद बोले-कई दिन निमंत्रण पत्र सीने से लगाए रहा, विश्वास ही नहीं हो रहा था कि हम भी आमंत्रित हैं। सफाईकर्मी सीमा पवन बोहट ने अपनी खुशी साझा करते हुए कहा-हम तो जानते भी नहीं थे, शपथ समारोह क्या होता है। पीएम ने बुलाया तो कुछ सोचकर ही बुलाया होगा। यह सम्मान खुशी देता है। उनका धन्यवाद। नाचते-गाते समारोह स्थल तक पहुंचे ट्रांसजेंडरों बोले-हम तो हमारे मोदी और सरकार को आशीर्वाद देने आए हैं। उत्तर प्रदेश की सोनम किन्नर ने बोलीं-हकीकत में समाज में मान बढ़ाने का काम पीएम मोदी ने किया। हमें उनपर पूरा भरोसा है।
खुशी में दो रातों से सो नहीं सका, आश्चर्यचकित हूं
समारोह में बतौर मेहमान बुलाए गए सेंट्रल विस्टा परियोजना में काम करने वाले निर्माण मजदूर झारखंड निवासी अंगद पासवान खुश भी हैं, आश्चर्यचकित भी। निमंत्रण पत्र को सीने से लगाए कहते हैं कि विश्वास ही नहीं हो रहा कि हमें बुलाया गया है। दो रातों से सोया नहीं हूं। झारखंड के गोड्डा जिले के 50 वर्षीय मुनी ठाकुर ने कहा, कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं ऐसे भव्य अवसर का हिस्सा बनूंगा। मौका मिला तो पीएम मोदी के साथ सेल्फी लूंगा।
बिहार के आनंद कुमार जायसवाल ने कहा, पीएम ने हर समुदाय के लोगों को साथ लेकर समग्र विकास की दिशा में काम किया है। कार्यक्रम में 90 निर्माण कर्मियों के अलावा 30 सफाई कर्मियों और ट्रांसजेंडरों को आमंत्रित किया गया है।