मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद अब जिन नए मंत्रियों को जिम्मेदारी मिली है, उन्होंने अपना कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम को 40 से अधिक मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की, जबकि कई मंत्रियों का प्रमोशन हुआ है तो कई मंत्रियों के विभाग बदले गए हैं। नए मंत्रियों ने गुरुवार सुबह से अपना कार्यभार संभालना शुरू कर दिया है तो वहीं पुराने मंत्रियों ने अपना कामकाज भी शुरू कर दिया।
पीयूष गोयल ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया
पीयूष गोयल ने वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इसके अलावा उन्हें उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री एवं कपड़ा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि मुझे यह जिम्मेदारी देने के लिए मैं पीएम मोदी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं।
निसिथ प्रमाणिक ने संभाला पदभार
निसिथ प्रमाणिक ने गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री एवं युवा मामले और खेल मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला।
बंगाल के अलीपुरद्वार सांसद जॉन बारला ने संभाला पदभार
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार सांसद जॉन बारला ने केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि मैं अपने देश के लोगों के लिए काम करूंगा, खासकर चाय मजदूरों और अपने निर्वाचन क्षेत्र के अल्पसंख्यकों के लिए। राज्य में मौजूदा सरकार से लोग थोड़े डरे हुए हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कार्यभार संभाला
अनुराग सिंह ठाकुर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री के साथ-साथ युवा मामले और खेल मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे यह जिम्मेदारी देने के लिए मैं पीएम मोदी का शुक्रगुजार हूं। संघों, महासंघों के समर्थन से, मैं भारतीय खेलों को आगे ले जाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।
मुझे दूसरी बार मौका मिला: अनुप्रिया सिंह पटेल
अनुप्रिया सिंह पटेल ने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी को आभार व्यक्त करना चाहूंगी क्योंकि उन्होंने मुझे दूसरी बार ये मौका दिया। ये अच्छा विभाग है, मेरे लिए ये नया विभाग है मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
मीनाक्षी लेखी ने विदेश राज्य मंत्री का संभाला पदभार
भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मैं पीएम, गृह मंत्री और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे इस पोर्टफोलियो को संभालने की जिम्मेदारी दी है।
मैं पहले अपने विभाग के कार्यों का पूरा अध्ययन करूंगा: पशुपति पारस
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि मैं आज अपने विभाग में शामिल हो गया हूं। मैं पहले 10 दिनों तक अपने विभाग के कार्यों का पूरा अध्ययन करूंगा। 19 तारीख को फिर मैं पूरे विस्तार से अपने विभाग के कार्यों के बारे में जानकारी दूंगा।
अश्विनी वैष्णव बोले- रेलवे आगे ले जाने के लिए आया हूं
देश के नए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार सुबह मंत्रालय का कामकाज संभाला। उन्होंने पीयूष गोयल की जगह ली है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रभार संभालते हुए कहा, '''रेल क्षेत्र में पिछले 67 वर्षों में शानदार काम किया गया है। मैं यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के मुताबिक, इसे आगे ले जाने के लिए आया हूं। नव नियुक्त मंत्री ने बाद में ट्विटर पर प्रधानमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा, 'आज केंद्रीय रेल मंत्री के तौर पर प्रभार संभाला। एक बार फिर तहेदिल से मैं, यह जिम्मेदारी मुझे देने के लिए, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताता हूं।'
..उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा: ठाकुर
वहीं, प्रमोशन पाने वाले अनुराग ठाकुर ने सूचना-प्रसारण मंत्रालय का काम संभाल लिया। अनुराग ने प्रकाश जावड़ेकर की जगह ली है। कामकाज संभालने के बाद ठाकुर ने कहा, 'पीएम मोदी ने पिछले सात सालों में देश के विकास के लिए बहुत शानदार काम किया है। मैं सूचना-प्रसारण मंत्रालय में मुझसे पहले लोगों द्वारा किए गए काम को आगे बढ़ाऊंगा। साथ ही पीएम मोदी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।'
मनसुख मांडविया बोले- पीएम की अपेक्षा के अनुरूप काम करूंगा
नए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कामकाज संभालने के बाद कहा, 'प्रधानमंत्री ने मुझे स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी दी है। मैं स्वास्थ्य मंत्री के रूप में प्रधानमंत्री की अपेक्षा के अनुरूप काम करने की कोशिश करूंगा।' बता दें कि मंडाविया डॉ. हर्षवधर्न की जगह ली है।
मीनाक्षी की विदेश नीति- भारत की सभ्यता संस्कृति को दुनिया जाने
विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा, 'भारत की सभ्यता संस्कृति को दुनिया जाने और देश में भी लोग जानें, यही विदेश नीति है। भारत ने इतना सब कुछ दुनिया के लिए किया और इतनी पुरानी सभ्यता है, उसकी जानकारी सभी को प्राप्त हो। हमें जिन चीजों की जरूरत है वो दूसरे देशों से ला सकें।'