पीएम मोदी से मुलाकात, उठाया मछुआरों का मुद्दा
श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। दोनों देशों के नेताओं ने शिक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण, नवाचार और विकास के तमाम मुद्दों पर चर्चा की। इस मुलाकात में मछुआरों के कल्याण के मुद्दे पर भी बातचीत हुई जो दोनों देशों के बीच संवेदनशील मुद्दा रहा है।
भारतीय मछुआरों को मछली पकड़ने के दौरान कई बार श्रीलंकाई सेना की कार्रवाई का शिकार होना पड़ता है। कई बार उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है तो कई बार उनकी नौकाएं जब्त कर ली जाती हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर हरिनी अमरसूर्या की भारत यात्रा के दौरान यह मुद्दा उठाने की मांग की थी। इसे देखते हुए दोनों देशों के नेताओं के बीच मछुआरों के मुद्दे पर चर्चा होने को महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।
तीन दिवसीय भारत दौरे पर श्रीलंकाई प्रधानमंत्री
16 अक्तूबर को तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचीं श्रीलंकाई प्रधानमंत्री हरिनी अमरसूर्या ने इसके पहले एस. जयशंकर से मुलाकात की थी और दोनों देशों के बीच बेहतर संबंधों के लिए काम करने की बात कही थी। अमरसूर्या इस दौरे में आईआईटी दिल्ली और नीति आयोग भी जाएंगी। पीएम हरिनी अमरसूर्या दिल्ली में ही पढ़ी हैं। वे भारत को अपने देश के दूसरे नेताओं से बेहतर समझती हैं। माना जा रहा है कि वे भारत-श्रीलंका संबंधों को सुधारने में महत्त्वपूर्ण पहल कर सकती हैं।
श्रीलंका की प्रधानमंत्री बनने के बाद अपनी इस पहली भारत यात्रा में उन्होंने कहा है कि भारत और श्रीलंका केवल भूगोल से ही नहीं जुड़े हैं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक जड़ें भी एक दूसरे से जुड़ती हैं। ऐसे में दोनों एक दूसरे के पारंपरिक सहयोगी हैं और वे इस संबंध को मजबूत करने के लिए काम करेंगी। श्रीलंका में आर्थिक तबाही के बाद हुई उलटफेर में हरिनी अमरसूर्या अपने देश को आर्थिक तौर पर ज्यादा मजबूत बनाने के लिए भारत से अधिक सहयोग की उम्मीद रख सकती हैं।
मिस्र के विदेश मंत्री से मुलाकात