प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। पुणे मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही वह 22,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पीएम शाम करीब 6 बजे जिला न्यायालय से स्वर्गेट तक चलने वाली पुणे मेट्रो ट्रेन (फेज-1) को हरी झंडी दिखाएंगे। इस भूमिगत खंड पर करीब 1810 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वह पुणे मेट्रो फेज-1 के स्वर्गेट-कात्रज विस्तार की आधारशिला भी रखेंगे, जिसे करीब 2,950 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। अन्य परियोजनाओं के अलावा, वह प्रसिद्ध समाज सुधारक क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की स्मृति में भिड़ेवाड़ा में प्रथम बालिका विद्यालय के स्मारक की भी आधारशिला रखेंगे।
130 करोड़ रुपये से बने तीन सुपरकंप्यूटर देश को सौंपेंगे
पीएम राष्ट्रीय सुपरकंप्यूटिंग मिशन (एनएसएम) के तहत स्वदेशी रूप से विकसित लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत के तीन परम रुद्र सुपरकंप्यूटर भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन सुपरकंप्यूटरों को पुणे, दिल्ली और कोलकाता में अग्रणी वैज्ञानिक अनुसंधान की सुविधा के लिए तैनात किया गया है।
एक उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग प्रणाली का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री मौसम और जलवायु अनुसंधान के लिए तैयार एक उच्च प्रदर्शन कंप्यूटिंग (एचपीसी) प्रणाली का उद्घाटन करेंगे। यह परियोजना पर 850 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। यह मौसम विज्ञान अनुप्रयोगों के लिए भारत की कम्प्यूटेशनल क्षमताओं में एक महत्वपूर्ण छलांग है। नए एचपीसी सिस्टम का नाम 'अर्का' और 'अरुणिका' रखा गया है, जो सूर्य से उनके संबंध को दर्शाता है।
10,400 करोड़ की विभिन्न पहलों का शुभारंभ करेंगे
मोदी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस क्षेत्र की 10,400 करोड़ रुपये की विभिन्न पहलों का शुभारंभ करेंगे। ये पहल ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, ट्रक और कैब चालकों की सुरक्षा और सुविधा, स्वच्छ गतिशीलता और एक टिकाऊ भविष्य पर केंद्रित होंगी।
ट्रक चालकों के लिए सड़क किनारे सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे
वह महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर, पंजाब के फतेहगढ़ साहिब, गुजरात के सोनगढ़ तथा कर्नाटक के बेलगावी और बंगलूरू ग्रामीण में ट्रक चालकों के लिए सड़क किनारे विभिन्न सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत ट्रक चालकों और टैक्सी चालकों की लम्बी यात्रा के दौरान जरूरतों की पूर्ति के लिए एक ही स्थान पर किफायती आराम कक्ष, भोजन सुविधा, स्वच्छ शौचालय, सुरक्षित पार्किंग स्थल, खाना पकाने का स्थान, वाईफाई और जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इस पर करीब 2,170 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
बिडकिन औद्योगिक क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे
पीए मोदी बिडकिन औद्योगिक क्षेत्र का उद्घाटन करेंगे। यह भारत सरकार के राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम के तहत 7,855 एकड़ क्षेत्र में फैली एक परिवर्तनकारी परियोजना है। यह महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर से 20 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक गलियारे के तहत विकसित इस परियोजना में मराठवाड़ा क्षेत्र में आर्थिक केंद्र के रूप में अपार संभावनाएं हैं। तीन चरणों में बनने वाले इस गलियारे पर 6,400 करोड़ रुपये की लागत आएगी।