पीएम मोदी ने बच्चों से की बात।
- फोटो : पीटीआई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान जन्मजात हृदय रोगों का इलाज करा चुके करीब 2500 बच्चों से मिलने पहुंचे और उनके साथ खुलकर दिल की बात की। प्रधानमंत्री के साथ संवाद करके बच्चे भी बेहद उत्साहित दिखे। कोई पीएम मोदी से हाथ मिलाना चाहता था तो कोई उनके गले लगना चाहता था।
नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में दिल की बात कार्यक्रम के तहत इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने बच्चों से उनके और उनकी सेहत के बारे में जाना। पीएम ने इसका एक वीडियो भी साझा किया। इसमें एक बच्ची पीएम को बताती है कि वह हॉकी खेलती है और उसने अवार्ड भी जीते हैं। दिल में छेद होने का पता चलने के बाद उसका छह महीने पहले ही ऑपरेशन हुआ है। बच्ची ने बताया कि वह अब स्वस्थ है और बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती है। तब पीएम मोदी ने हंसते हुए पूछा कि जब तुम डॉक्टर बनोगी तो हम बूढ़े हो जाएंगे तो क्या हमारा भी इलाज करोगी।
बच्ची ने बाद में कहा कि उसे प्रधानमंत्री से मिलकर बहुत अच्छा लगा। बच्चों ने इस दौरान प्रधानमंत्री को अपने सपनों के बारे में बताया और एक बच्ची ने कविता भी सुनाई। एक छोटी-सी बच्ची ने बताया कि प्रधानमंत्री से मिलना उसका सपना था। पीएम के यह पूछने पर कि क्या वह उन्हें जानती है, बच्ची ने कहा-हां, न्यूज में देखती रही हूं। एक बच्चे ने बेहद मासूमियत से कहा कि वह बड़ा होकर सैनिक बनना चाहता है, क्योंकि जवान हमारे देश की रक्षा करते हैं। एक बच्ची ने जब यह बताया कि उसके शिक्षक कहते हैं कि पढ़ाई में अच्छी हो लेकिन थोड़ा अटकती हो, तब प्रधानमंत्री ने उसका हौसला बढ़ाते हुए कहा, इस तरह सच बोलने का तुमको बहुत फायदा होगा।