फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raisina Dialogue: PM ने की रायसीना डायलॉग की शुरुआत; लक्सन बोले- हिंद-प्रशांत में निर्णायक भूमिका निभाए भारत

Mon, 17 Mar 2025 07:04 PM IST
अभिषेक दीक्षित पीटीआई, नई दिल्ली

सार

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस सम्मेलन में लगभग 125 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिनमें मंत्री, पूर्व राष्ट्राध्यक्ष, सैन्य कमांडर, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गज, शिक्षाविद, पत्रकार, सामरिक मामलों के विद्वान और प्रमुख विचारक संस्थाओं के विशेषज्ञ शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि 20 देशों के विदेश मंत्री इस विचार-विमर्श में भाग लेंगे।
विज्ञापन
रायसीना डायलॉग के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन। - फोटो : ANI/वीडियो ग्रैब
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती दादागीरी के बीच न्यूजीलैंड ने भारत से इस क्षेत्र में अपनी निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया है। सोमवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 10वें रायसीना डायलॉग का उद्घाटन करते हुए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में नियम-आधारित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि ताकतवर ही सही है, यह दृष्टिकोण स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया और कहा कि भारत जैसे देश वैश्विक स्तर पर केंद्रीय भूमिका निभाते हैं।

मुख्य अतिथि के तौर पर रायसीना डायलॉग में अपने संबोधन में लक्सन ने कहा कि सुरक्षा के बिना समृद्धि नहीं आ सकती। हिंद-प्रशांत क्षेत्र दुनिया का सबसे आर्थिक रूप से गतिशील क्षेत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि यह आने वाले वर्षों में वैश्विक आर्थिक विकास का दो-तिहाई हिस्सा होगा। उन्होंने कहा कि भारत इस क्षेत्र के हर देश के लिए बड़े अवसर प्रदान करता है। भारत को हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अपनी निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि न्यूजीलैंड इस क्षेत्र में अपने रणनीतिक हितों के लिए भारत जैसे भागीदारों की ओर देख रहा है।

विज्ञापन


क्वाड के साथ मिलकर काम करने को तैयार
उन्होंने क्वाड को खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही कहा कि क्वाड के विकास में भारत का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। यह भी कहा कि न्यूजीलैंड का क्वाड का हिस्सा बनने का कोई इरादा नहीं है, फिर भी वह समूह की पहल को आगे बढ़ाने के लिए काम करने के लिए तैयार है। क्वाड में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान शामिल हैं।

भारत-न्यूजीलैंड के पुराने संबंधों का उल्लेख
लक्सन ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच पुराने संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीयों और न्यूजीलैंडवासियों को एक साथ रहते हुए 200 साल से भी ज्याद हो गए हैं। जैसे वे 200 साल पहले थे, वैसे ही आज भी कीवी-भारतीय हमारे बहुसांस्कृतिक समाज में पूरी तरह घुल-मिल गए हैं। हमारे सबसे बड़े शहर ऑकलैंड में रहने वाले लोगों में 11फीसदी भारतीय मूल के न्यूजीलैंडवासी हैं। मैं अपने साथ नई दिल्ली में कीवी-भारतीय समुदाय का एक प्रतिनिधिमंडल लाया हूं।

भारतीय लोकतंत्र-चुनावी प्रक्रिया को सराहा

विज्ञापन

न्यूजीलैंड के पीएम ने भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रेरणादायक है। पिछले साल इतिहास के सबसे बड़े चुनाव में 65 करोड़ भारतीयों ने मतदान किया। राष्ट्रीय चुनाव वैधता की जीत है। उन्होंने कहा, हम अर्थव्यवस्थाओं और समाजों के तकनीकी परिवर्तन के मुहाने पर हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का प्रभाव पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा, न कि केवल एक या दो क्षेत्रों पर, जिससे हमारे काम करने का तरीका बदल जाएगा।

हमारा विश्वास विस्तारवाद में नहीं : मोदी
इससे पहले, अपने उद्घाटन भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत विकासवाद की नीति में यकीन करता है, विस्तारवाद में नहीं। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि हम हिंद-प्रशांत महासागर पहल (आईपीओई) से जुड़ने के लिए न्यूजीलैंड का स्वागत करते हैं। इंटरनेशनल सोलर अलायंस के बाद कॉलिशन फॉर डिसास्टर रीसिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (सीडीआरआई) से जुड़ने के लिए भी न्यूजीलैंड का स्वागत है। इस मौके पर विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि दुनिया में उथल-पुथल मची हुई है और वैश्विक व्यवस्था की प्रकृति पर बहस हो रही है। हम पुरानी मान्यताओं पर भरोसा नहीं कर सकते। हमें नए विचारों की जरूरत है और रायसीना डायलॉग ने हमें वह मंच प्रदान किया है।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री को भारत के बारे में काफी जानकारी: जयशंकर
रायसीना डायलॉग में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि मैं मुख्य अतिथि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का आभार व्यक्त करता हूं। उन्हें न केवल भारत के बारे में काफी जानकारी है, बल्कि हमारे संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता भी है। ऐसे समय में जब दुनिया वैश्विक व्यवस्था की प्रकृति पर बहस कर रही है तो इंडो-पैसिफिक पर उनका दृष्टिकोण मूल्यवान है। मैं प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण और प्रेरणा के लिए अपनी गहरी प्रशंसा दोहराता हूं, जिसने रायसीना डायलॉग को आगे बढ़ाया है। वैश्विक व्यवस्था एक बड़े बदलाव से गुजर रही है। इसके लिए नेतृत्व की आवश्यकता है, जैसा कि आज हमारे पास है। इसके लिए अलग तरीके से सोचने वाली प्रणालियों, ईमानदार बातचीत, नए विचारों और रचनात्मक समाधानों की आवश्यकता है। इसलिए आइए संवाद शुरू करें। 

यह भी पढ़ें- 'एआई ताकतवर, पर इंसानी कल्पनाशीलता की जगह नहीं ले सकता', भारत की भूमिका पर भी बोले पीएम मोदी


पोलैंड के विदेश मंत्री व्लादिस्लाव टेओफिल बार्टोस्जेव्स्की ने कहा कि वह रायसीना डायलॉग में तीसरी बार शामिल हो रहे हैं। यह एक शानदार सम्मेलन है। यह एक एशियाई सम्मेलन नहीं है बल्कि यह वैश्विक सम्मेलन है। आप यहां ऑस्ट्रेलिया से लेकर संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप और एशिया तक के लोगों से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि इस बार अमेरिका में नए राष्ट्रपति, यूक्रेन में लगातार रूसी आक्रामकता, एक नए व्यापार-युद्ध आदि विषयों पर चर्चा होगी। भारत-पोलैंड संबंधों पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हाल ही की पोलैंड को ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक रणनीतिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए। हम सुरक्षा सहयोग के बारे में बात कर रहे हैं, हम सैन्य सहयोग के बारे में बात कर रहे हैं, हम व्यापार, आईटी में निवेश, खाद्य उत्पादन के बारे में बात कर रहे हैं। भारत एक अच्छा साझेदार है और हम 1947 की शुरुआत से ही साथ हैं। यह यात्रा ऐतिहासिक थी और 45 वर्षों में पहली बार भारतीय प्रधानमंत्री आए थे। यह एक सफलता थी और हम इसे आगे बढ़ाने जा रहे हैं।

19 मार्च तक चलेगा सम्मेलन
17-19 मार्च तक चलने वाले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में 125 से अधिक देशों के 3,500 से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इसमं विदेश मंत्री, रक्षा विशेषज्ञ और प्रमुख नीति निर्माता शामिल हैं। इस बार के सम्मेलन की थीम कालचक्र-पीपुल, पीस एंड प्लैनेट रखी गई है, जो समाज, स्थान और पृथ्वी के बीच संबंधों को दर्शाती है। सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा के साथ ही रूस-यूक्रेन युद्ध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी विकास, भारत की वैश्विक भूमिका और कूटनीतिक प्राथमिकताएं इत्यादि विषय पर चर्चा होगी।

रायसीना डायलॉग भू-राजनीति और भू-अर्थशास्त्र पर भारत का प्रमुख सम्मेलन है जिसमें 125 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड और यूक्रेन के विदेश मंत्री आंद्रेई सिबिहा इस सम्मेलन के 10वें संस्करण में भाग लेने वालों में शामिल हैं।


 यह भी पढ़ें- 'वैश्विक समुदाय को चुनाव आयोग के कामकाज का अध्ययन करे', प्रधानमंत्री मोदी ने ECI को खूब सराहा


 ।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें