प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के इडुक्की जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कई लोगों की मौत होने पर शुक्रवार को दुख जताया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर बताया कि मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केरल के इडुक्की जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कई लोगों की मौत पर शुक्रवार को दुख जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें।
उन्होंने ट्वीट किया, केरल में भूस्खलन में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं राज्य सरकार से आग्रह करता हूं कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
केरल के वायनाड संसदीय क्षेत्र से सांसद ने कहा, मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं, वे राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें।
गौरतलब है कि इडुक्की जिले के राजमला स्थित पेत्तिमुदी में मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार की सुबह हुए भूस्खलन से 15 मजदूरों की मौत हो गई।