तो लाम बने वियतनाम के नए राष्ट्रपति।
- फोटो : Amar Ujala Graphics
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वियतनाम के नए राष्ट्रपति तो लाम को पद संभालने पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में भरोसा जताया कि दोनों देशों के बीच वर्षों पुरानी दोस्ती आने वाले समय में और मजबूत होगी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए कहा कि वह राष्ट्रपति टो लाम के नेतृत्व में भारत और वियतनाम के संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचते देखने को लेकर आशान्वित हैं। उन्होंने कहा 'मुझे पूरा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में हमारे दोनों देशों के बीच समय की कसौटी पर खरे उतरे रिश्ते और मजबूत होंगे।'
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वह राष्ट्रपति तो लाम के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा किया जा सके।पीएम मोदी ने अपने संदेश में इस साझेदारी को न केवल भारत और वियतनाम के लोगों की प्रगति और समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास के लिए भी अहम बताया।
कम्युनिस्ट पार्टी प्रमुख तो लाम बने राष्ट्रपति
गौरतलब है कि वियतनाम की संसद ने कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव तो लाम को सर्वसम्मति से देश का राष्ट्रपति चुन लिया है। पांच साल के इस कार्यकाल के साथ अब उनके हाथ में पार्टी और सरकार दोनों की कमान आ गई है। यह फैसला वियतनाम की उस परंपरा से अलग माना जा रहा है, जिसमें आमतौर पर शीर्ष पद अलग-अलग नेताओं के पास होते थे। विशेषज्ञों का कहना है कि यह व्यवस्था कुछ हद तक चीन में शी जिनपिंग के नेतृत्व वाले सत्ता ढांचे जैसी दिखती है।
जनवरी में पार्टी प्रमुख के रूप में दोबारा चुने जाने के बाद ही यह तय माना जा रहा था कि तो लाम राष्ट्रपति पद भी संभाल सकते हैं। शपथ लेने के बाद 69 वर्षीय नेता ने राष्ट्रीय असेंबली को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता देश में शांति और स्थिरता बनाए रखना है, जो तेज और टिकाऊ आर्थिक विकास की नींव है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है, ताकि विकास का लाभ सभी तक पहुंचे।
अन्य वीडियो:-