Trump Oath Ceremony: डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ले ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए उन्हें शपथ ग्रहण पर बधाई दी और मिलकर काम करने को लेकर उत्सुकता जताई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अमेरिका के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, प्रिय मित्र डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण पर बधाई। मैं एक बार फिर हमारे दोनों देशों के लाभ के लिए और दुनिया के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक हूं। आपके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।
विज्ञापन
ट्रंप ने आज दूसरी बार अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में कई पूर्व राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के जज, ट्रंप का पूरा कैबिनेट, उनके परिवार के सभी सदस्यों के साथ-साथ तमाम देशों के शीर्ष प्रमुख और कई टेक कंपनियों के दिग्गज भी मौजूद रहे। इससे पहले निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन और जिल बाइडन ने चाय के लिए व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप का स्वागत किया।
जयशंकर ने भी किया ट्वीट
इस समारोह में प्रधानमंत्री मोदी के विशेष दूत के रूप में विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद थे। वहीं, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी ट्वीट कर ट्रंप का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए 'बडा सम्मान' था।
विज्ञापन
अपने आधिकारिक अकाउंट से जयशंकर ने उद्घाटन समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि आज वाशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रम्प और उपाध्यक्ष जेडी वेंस के उद्घाटन समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करना एक बड़ा सम्मान है।