सेना के जवानों से मिलते पीएम मोदी (फाइल फोटो)
- फोटो : Social media
पीएम मोदी जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए जम्मू-कश्मीर के राजौरी पहुंचे हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद पीएम मोदी का यह पहला जम्मू कश्मीर दौरा है। उनके एलओसी के समीप दिवाली मनाने की खबरें पहले से ही आ रही थीं लेकिन तब इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी।
पीएम मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरे को लेकर सुरक्षाबल भी अलर्ट पर हैं। राजौरी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। खुफिया एजेंसिया भी सक्रिय हैं।
साल 2018 में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में भारत-चीन सीमा के पास बर्फीली घाटी में सेना और आईटीबीपी कर्मियों के साथ त्योहार मनाया था। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने जवानों के साथ सियाचिन में दिवाली मनाई थी।
2015 में उन्होंने दिवाली के मौके पर पंजाब सीमा का दौरा किया था। संयोग से उनका दौरा 1965 के भारत-पाक युद्ध के 50 साल होने पर हुआ था। अगले साल मोदी हिमाचल प्रदेश गए थे, जहां उन्होंने अग्रिम चौकी पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस कर्मियों के साथ समय गुजारे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने 2017 में जम्मू कश्मीर के गुरेज में सैनिकों के साथ दिवाली मनाई थी।