प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे राष्ट्र को समर्पित कर दिया है। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने मांड्या में एक रोड शो किया, जिसमें भारी संख्या में लोग प्रधानमंत्री को देखने पहुंचे। बता दें कि 10 लेन वाले और 118 किमी लंबे बेंगलुरु मैसूर एक्सप्रेसवे को लगभग 8,480 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। यह बेंगलुरु और मैसूर के बीच यात्रा के समय को तीन घंटे से घटाकर लगभग 75 मिनट कर देगा। प्रधानमंत्री मोदी आज कर्नाटक को लगभग 16,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। युवा वर्ग देश की तरक्की देखकर गर्व महसूस कर रहा है। ये सभी प्रोजेक्ट विकास और समृद्धि के नए रास्ते खोलेंगे। बेंगलुरु और मैसूर, कर्नाटक के दो अहम शहर हैं। एक तकनीक के लिए जाना जाता है और दूसरा परंपरा के लिए जाना जाता है। ऐसे में इन दोनों शहरों का तकनीक के माध्यम से जुड़ना अहम है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस ने गरीब लोगों को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। कांग्रेस सरकार ने गरीब लोगों के पैसों को लूटा।
ये भी पढ़ें-
वाराणसी आएंगे पीएम मोदी: कैंट स्टेशन परिसर में हो सकती है जनसभा, दो हजार करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि 2014 में आपने मुझे वोट देकर सेवा का मौका दिया तो देश में गरीब का दुख दर्द समझने वाली संवेदनशील सरकार बनी। इसके बाद भाजपा की केंद्र सरकार ने पूरी ईमानदारी से गरीब की सेवा करने का प्रयास किया। गरीब के जीवन से मुश्किल कम करने का प्रयास किया। बीते नौ सालों में भाजपा सरकार की योजनाओं से करोड़ों गरीबों का जीवन आसान हुआ है। कांग्रेस की सरकार में गरीब को सुविधाओं के लिए सरकार के पास चक्कर लगाने पड़ते थे। अब भाजपा की सरकार गरीब के पास जाकर सुविधाएं दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस, मोदी की कब्र खोदने में व्यस्त है और मोदी, बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे बनाने में व्यस्त है। कांग्रेसियों को पता नहीं है कि देश की करोड़ों माताओं-बहनों का आशीर्वाद मोदी का सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे एनएच-275 का एक हिस्सा है। इसके तहत चार रेल ओवरब्रिज, नौ बड़े और 40 छोटे पुलों और 89 अंडरपास और ओवरपास का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य श्रीरंगपटना, कूर्ग, ऊटी और केरल जैसे क्षेत्रों में कनेक्टिवटी को बढ़ाना है, जिससे इन क्षेत्रों में पर्यटन क्षमता में वृद्धि होगी। प्रधानमंत्री यात्रियों को सुविधाजनक और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए पुनर्विकसित होसपेटे जंक्शन भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसे हम्पी स्मारकों के अनुरूप डिजाइन किया गया है।
मैसूरु-खुशालनगर चार लेन राजमार्ग की आधारशिला भी रखी
प्रधानमंत्री मोदी मांड्या के बाद हुबली-धारवाड़ में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मोदी ने मैसूरु-खुशालनगर चार लेन राजमार्ग की आधारशिला भी रखी। 92 किमी की इस परियोजना को करीब 4,130 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस परियोजना से बेंगलुरु के साथ कुशलनगर की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और यात्रा का समय पांच घंटे से घटकर सिर्फ 2.5 घंटे रह जाएगा। पीएम ने आईआईटी धारवाड़ को राष्ट्र को समर्पित किया। 850 करोड़ की लागत से इस संस्थान की आधारशिला पीएम ने फरवरी 2019 में रखी थी।
मांड्या में पीएम का मेगा रोड शो, सड़क के दोनों तरफ खड़े लोगों ने पीएम पर पुष्प बरसाए
कर्नाटक में इस साल मई विधानसभा चुनाव होने वाला है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को इसके लिए भाजपा के चुनाव प्रचार की अनौपचारिक शुरुआत भी कर दी। राज्य में करीब 16,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री ने मांड्या जिले में मेगा रोड शो किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत करने के लिए सड़क के दोनों तरफ लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। भाजपा समर्थकों और स्थानीय लोगों ने फूलों की पंखुड़ियों से प्रधानमंत्री का स्वागत किया और नारे लगाए। प्रधानमंत्री का काफिला जिस भी रास्ते से गुजरा उसके दोनों तरफ लोगों की भारी भीड़ लगी रही।
प्रधानमंत्री भी अपनी गाड़ी के बाहर निकलकर लोगों का अभिववादन किया। उन्होंने लोगों के पुष्प वर्षा के चलते गाड़ी पर जमा पंखुड़ियों को लोगों की तरफ उछालकर उनका आभार जताया। प्रधानमंत्री ने एक जगह अपनी गाड़ी से उतकर कलाकारों से हाथ भी मिलाए जो उनके स्वागत में कार्यक्रम पेश कर रहे थे।
भारत अवसरों की भूमि, देश में रुचि दिखा रही दुनिया : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के मांड्या जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि भारत अवसरों की भूमि है। दुनिया भर के लोग भारत के प्रति अपनी रुचि दिखा रहे हैं। पीएम ने कहा कि भारत ने 2022 में रिकॉर्ड विदेशी निवेश प्राप्त किया और सबसे बड़ा लाभार्थी होने के नाते कर्नाटक को 4 लाख करोड़ से अधिक का निवेश मिला है। पीएम ने कहा कि यह रिकॉर्ड निवेश डबल इंजन सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।
आईटी के अलावा, जैव प्रौद्योगिकी, रक्षा विनिर्माण और ईवी विनिर्माण जैसे उद्योगों का तेजी से विस्तार हो रहा है, जबकि एयरोस्पेस और अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व निवेश देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भारतमाला’और ‘सागरमाला’जैसी पहलें भारत के परिदृश्य को बदल रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देश में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए इस साल के बजट में 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए गए हैं।
मांड्या के किसानों को 600 करोड़ : प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत कर्नाटक के किसानों के बैंक खातों में सीधे 12,000 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें मांड्या क्षेत्र के 2.75 लाख से अधिक किसानों को केवल केंद्र सरकार की ओर से 600 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि की 6,000 रुपये की किस्त में 4,000 रुपये जोड़ने पर कर्नाटक सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, डबल इंजन की सरकार से किसानों को दोहरा लाभ मिल रहा है
लंबित सिंचाई परियोजनाओं पर ध्यान
लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के स्थायी समाधान के प्रति सरकार के दृष्टिकोण पर चर्चा करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस वर्ष के बजट में ऊपरी भद्रा परियोजना के लिए 5,300 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों की सिंचाई संबंधी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 3 करोड़ से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है, जिनमें से लाखों घर कर्नाटक में बनाए गए हैं और जल जीवन मिशन के तहत 40 लाख नए परिवारों को पाइप से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
सरकार की नीतियों पर सवाल देश की आलोचना कैसे : कांग्रेस
ब्रिटेन में राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रहार पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से पूछा, आपकी नीतियों की आलोचना कब से देश की आलोचना हो गई है। कांग्रेस ने कहा कि यह प्रधानमंत्री हैं जो लोकतंत्र पर हमला करते हैं और इसीलिए इस पर चर्चा हो रही है। राहुल के बयान के संदर्भ में पीएम मोदी ने कर्नाटक में जनसभा को संबोधित करते हुए इसे 12वीं सदी के समाज सुधारक बसवेश्वर, कर्नाटक के लोग और भारत की महान परंपराएं और उसके नागरिकों का अपमान बताया था।