प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भारत और बेल्जियम, यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के जल्द समाधान का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि संवाद और कूटनीति से ही संघर्षों का समाधान संभव है। पीएम मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के साथ द्विपक्षीय मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बातें कही।
यूक्रेन और पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों को दिया समर्थन
पीएम मोदी ने कहा, 'आज हमने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। भारत और बेल्जियम, दोनों ही देश कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष के जल्द समाधान और शांति के प्रयासों का समर्थन करते हैं। आतंकवाद को उसके सभी रूपों में जड़ से खत्म करना, हमारी साझा प्रतिबद्धता है।'
पीएम मोदी ने वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में तेजी की तारीफ की और कहा कि यह देश की विकास यात्रा में दुनिया के विश्वास का स्त्रोत है। पीएम मोदी ने कहा, 'इस समय दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है और अनिश्चितता खाद्य और ईंधन को लेकर आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रभावित कर रही है। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारतीय अर्थव्यस्था ने गति बनाए रखी है। हमने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। आज भारत की विकास गाथा दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्त्रोत बन रही है।'
भारत-यूरोप के मुक्त व्यापार समझौते से आएगी समृद्धि
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर कहा कि इससे दुनिया के दो बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच अभूतपूर्व सहयोग, स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
बेल्जियम के पीएम बार्ट डी वेवर तीन दिवसीय दौरे पर आज भारत पहुंचे हैं। डी वेवर का यह पहला भारत दौरा है। 4 सितंबर को बेल्जियम के पीएम मुंबई का दौरा करेंगे और वहां हीरे, बंदरगाह और लॉजिस्टिक मॉडल को समझेंगे। बेल्जियम के पीएम के साथ बेल्जियम के रक्षा, विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रैंकन भी भारत दौरे पर आए हैं।