मोदी की अपील पर आईएएस एसोसिएशन ने 21 लाख रुपये दान की घोषणा की है। एसोसिएशन के सभी सदस्य कम से कम एक दिन का वेतन दान में देंगे। साथ ही बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी 25 करोड़ रुपये देने का एलान किया।
उन्होंने कहा कि अभी लोगों की जिंदगी सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसके लिए हमें पूरी कोशिश करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जान है तो जहान है। क्रिकेटर सुरेश रैना ने 31 लाख रुपये पीएम-केयर्स जबकि 21 लाख रुपये सीएम डिजास्टर रिलीफ फंड में देने की घोषणा की।
प्रसिद्ध उद्योगपति टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा ने ट्वीट कर टाटा समूह की तरफ से 500 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 संकट इस समय सबसे कठिन चुनौतियों में से एक है। टाटा समूह की कंपनियां हमेशा ऐसे समय में देश की जरूरत के साथ खड़ी हुई है। इस समय देश को हमारी जरूरत अधिक है।
सभी भाजपा सांसद देंगे एक-एक करोड़ रुपये
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि पार्टी के सभी सांसद अपने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के फंड (एमपीलैड) से एक-एक करोड़ रुपये की राशि केंद्रीय राहत कोष में देंगे। इसके अलावा, सभी भाजपा सांसद और विधायक अपने एक महीने का वेतन भी केंद्रीय राहत कोष को देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद जहां बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया वहीं एक शख्स ने 501 रुपये का योगदान भी दिया। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि छोटा या बड़ा कुछ नहीं होता, हर एक योगदान महत्व रखता है।
दरअसल, योगदान करने वाले शख्स ने अपनी योगदान राशि 501 रुपये का स्क्रीन शॉट लेकर ट्वीट किया और इसे महज एक छोटी सी रकम बताया। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने उक्त बात कही। उन्होंने कहा कि यह कोविड-19 को हराने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने एक छात्र द्वारा दिए गए 1000 रुपये के योगदान के लिए भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य राष्ट्र के भविष्य को सुनिश्चित कर रहा है।