पीएम मोदी कल से नाइजीरिया दौरे पर, 17 साल बाद यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16-17 नवंबर को नाइजीरिया के दौरे पर रहेंगे। आर्थिक संबंध सचिव दम्मू रवि ने एक बयान में कहा कि भारत की ओर से यह यात्रा 17 साल के अंतराल के बाद हो रही है। उन्होंने कहा, नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर पीएम मोदी नाइजीरिया का दौरा कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री की पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्र की पहली यात्रा। पिछली यात्रा अक्तूबर 2007 में मनमोहन सिंह ने की थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी स्थापित हुई थी। उन्होंने बताया कि नाइजीरियाई राष्ट्रपति टीनूबू ने पिछले साल सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 17 नवंबर को राष्ट्रपति विला में उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह राष्ट्रपति टीनूबू के साथ अकेले में बैठक करेंगे और फिर प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों और इसके सभी पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।