फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आतंक के खिलाफ खड़ा हुआ भारत तो दुनिया को मिला लड़ने का साहस: पीएम मोदी

Sun, 10 Jan 2021 02:50 AM IST
देव कश्यप एजेंसी, नई दिल्ली
विज्ञापन
16वें प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - फोटो : Twitter@narendramodi
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा, जब देश आतंकवाद के खिलाफ खड़ा हुआ तो दुनिया को भी इस चुनौती से लड़ने का साहस मिला। 16वें प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा, भारत की विशेषता रही है कि शांति का समय हो या संकट का, हर परिस्थिति का डटकर मुकाबला किया है। भारत ने जब उपनिवेशवाद के खिलाफ मोर्चा खोला तो दुनिया के देशों में आजादी के संघर्ष की प्रेरणा बन गया।

विज्ञापन


मोदी ने महान संत व दार्शनिक संत तिरुवल्लुवर की तमिल में लिखी पंक्तियों का जिक्र करते हुए कहा, दुनिया की सर्वश्रेष्ठ भूमि वह है जो विरोधियों से बुराई नहीं सीखती और संकट के समय में दूसरों के कल्याण में कोई कमी नहीं करती। उन्होंने कहा, जब भी भारत और भारतीयों के सामर्थ्य को लेकर किसी ने आशंका जताई, सारी आशंकाएं गलत साबित हुईं।


गुलामी के दौर में बड़े-बड़े विद्वान कहते थे कि भारत आजाद नहीं हो सकता क्योंकि यह बंटा हुआ है। हमने इसे गलत साबित किया और आजादी पाई। जब भारत को आजादी मिली तो कहा जाता था कि यह गरीब देश, कम पढ़ा लिखा देश हैं। यह बिखर जाएगा, टूट जाएगा। यह भी कहा जाता था कि लोकतंत्र तो यहां संभव ही नहीं है। लेकिन सच्चाई यह है कि भारत एकजुट है और भारत ही वह स्थान है जहां लोकतंत्र सबसे ज्यादा मजबूत और सबसे जीवंत है।
विज्ञापन


महामारी के दौरान भारत ने दिखाई अपनी क्षमता
पीएम ने कहा, कोरोना महामारी के दौरान भारत ने फिर दिखाया कि हमारा सामर्थ्य क्या है, हमारी क्षमता क्या है। पीपीई किट, मास्क, वेंटिलेटर, टेस्टिंग किट पहले बाहर से मंगाई जाती थी, लेकिन कोरोना काल में भारत ने अपनी ताकत बढ़ाई और आज न भारत इन चीजों में आत्मनिर्भर बना है, बल्कि इनका निर्यात भी कर रहा है। आज भारत दुनिया के सबसे कम मृत्युदर और सबसे ज्यादा रिकवरी दर वाले देशों में से एक है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने जो कुछ भी सीखा, उसने देश को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया है। करोड़ों भारतीयों के परिश्रम से जो उत्पाद बनेंगे, जो समाधान भारत में तैयार होंगे, उसका लाभ पूरी दुनिया को मिलेगा। इस मुश्किल समय में हमारे फार्मा उद्योग की भूमिका दिखाती है कि भारत जिस भी क्षेत्र में समर्थ होता है, उसका लाभ पूरी दुनिया उठाती है।

तकनीक के इस्तेमाल से भ्रष्टाचार का खात्मा
मोदी ने कहा, आज भारत तकनीक के जरिये भ्रष्टाचार का खात्मा कर रहा है। लाखों-करोड़ों रुपये जो पहले तमाम खामियों की वजह से गलत हाथों में पहुंच जाते थे, आज सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे जा रहे हैं। आधुनिक तकनीक से गरीबों को सशक्त बनाने का जो अभियान भारत में चलाया जा रहा है, पूरी दुनिया उसकी चर्चा कर रही है। हमने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में दिखाया है कि कोई भी विकसित देश दुनिया का नेतृत्व कर सकता है।

ब्रांड इंडिया में प्रवासी भारतीयों की अहम भूमिका
पीएम ने प्रवासी भारतीय समुदाय की तारीफ करते हुए कहा, आज भारत पर दुनिया इतना भरोसा कर रही है तो उसमें प्रवासी भारतीयों का योगदान सबसे अहम है। भारतीय संस्कृति को दुनिया में आपकी वजह से पहचान मिली। आज जब भारत आत्मनिर्भर बनने के लिए आगे बढ़ रहा है तो ब्रांड इंडिया को मजबूत बनाने में प्रवासी भारतीयों का बड़ा रोल है। जब आप मेड इन इंडिया उत्पादों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करेंगे तो आपके आसपास के लोगों का इनमें विश्वास बढ़ेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें