प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हो रहे भाजपा के पंचायती राज परिषद कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने मणिपुर मामले में सिफ राजनीति की है। विपक्ष ने मणिपुर के लोगों के साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। वे मणिपुर पर चर्चा ही नहीं करना चाहते थे। संसद में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए, फिर वोटिंग से भाग गए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी दो दिन पहले ही देश की संसद में हमने विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को भी हराया और नकारात्मकता का भी जवाब दिया। विपक्ष के लोग बीच चर्चा में ही सदन छोड़कर भाग गए। सच्चाई ये थी कि विपक्ष अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से डर गया था, क्योंकि वोटिंग होती तो घमंडिया गठबंधन की पोल खुल जाती।
विपक्ष को सदन से भागते हुए पूरे देश ने देखा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष को सदन से भागते हुए पूरे देश ने देखा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इन लोगों ने मणिपुर के लोगों को इतना बड़ा धोखा दिया। सत्र शुरू होने से पहले देश के गृह मंत्री ने इन राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर कहा था कि वह मणिपुर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं।
मणिपुर पर विस्तृत चर्चा होना जरूरी है: प्रधानमंत्री
उन्होंने कहा कि मणिपुर पर विस्तृत चर्चा होना जरूरी है, लेकिन असल में क्या हुआ, आप सब देख सकते हैं। विपक्ष ने ऐसा नहीं होने दिया! अगर इतने संवेदनशील विषय पर चर्चा होती तो मणिपुर के लोगों को राहत महसूस होती। उस मुद्दे के समाधान के लिए कुछ समाधान निकल आते, लेकिन विपक्षी लोग इस पर चर्चा नहीं करना चाहते थे। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें पता था कि मणिपुर की सच्चाई उन्हें सबसे ज्यादा चुभने वाली है।
विपक्ष को दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं: पीएम
उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है, उन्हें तो बस राजनीति से मतलब है। यही कारण था कि उन्होंने चर्चा से बचने का फैसला किया और अविश्वास प्रस्ताव लाकर राजनीतिक बहस को प्राथमिकता दी।
पंचायत चुनाव को लेकर TMC को घेरा
पीएम मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवारों को धमकाने और बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए कुछ भी कर सकते हैं कि कोई भी भाजपा उम्मीदवार नामांकन दाखिल न कर सके। वे न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं को बल्कि मतदाताओं को भी धमकाते हैं। बूथ पर कब्जा करने के लिए ठेके दिए जाते हैं। यह राज्य में राजनीति करने का उनका तरीका है। TMC के टोलाबाजों की फौज वोटिंग में ठप्पेबाजी की फौज बन जाती है। सारे गुंडों को कॉन्ट्रैक्ट दिया जाता है कि कितने पोलिंग बूथ को कौन कैप्चर करेगा।
अभी कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल में हुए पंचायत चुनाव में TMC ने कैसा खूनी खेल खेला, ये पूरे देश ने देखा है, लेकिन ये पश्चिम बंगाल की जनता का प्यार ही है कि वो भाजपा कार्यकर्ताओं को आशीर्वाद देते रहे हैं और भाजपा प्रत्याशी जीतते जा रहे हैं। जो लोग लोकतंत्र के चैंपियन बनते हैं, उनका नकाब भी अब देश के सामने उतर गया है।
हमने लोगों की कठिनाइयों को कम किया: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि हमारे देश में पिछले 50 वर्ष से हम गरीबी हटाओ का नारा सुनते आए हैं, लेकिन जिन्होंने ये नारा दिया वो कभी गरीबी नहीं हटा पाए। जो काम 5 दशकों में नहीं हो सका, वो काम भाजपा सरकार ने इतने कम समय में करके दिखाया है। इसकी वजह है कि हमने सामान्य मानवी के जीवन की मूलभूत कठिनाइयों को कम किया है।
पूर्वोत्तर के लिए किए कामों को गिनाया
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में 31 मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं, नार्थ-ईस्ट में भी मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हो गई है। शिक्षा के क्षेत्र में भी पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मणिपुर, उड़ीसा, झारखंड और बिहार में उच्च शिक्षण संस्थान खोले गए हैं। पूर्वी और पूर्वोत्तर के राज्यों में करीब 2 लाख करोड़ के 150 से ज्यादा प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं, 14.5 लाख करोड़ के लगभग 1,250 प्रोजेक्ट्स पर आज तेजी से काम चल रहा है। आज गांव और शहर की दूरियां तेजी से खत्म हो रही हैं। आज जो लोकल है, उसकी डिमांड ग्लोबल है। इसलिए वोकल फॉर लोकल जैसे अभियान के साथ देश ने एक जिला-एक प्रोडक्ट योजना की शुरुआत की।