फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi: पुतिन-अल्बानीज से लेकर मेलोनी तक, दुनियाभर से पीएम मोदी को मिली बधाई, प्रधानमंत्री ने कहा- धन्यवाद

Wed, 17 Sep 2025 07:36 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर दुनियाभर के नेता उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और भूटान के प्रधानमंत्रियों ने जहां पीएम मोदी को बधाई दी है और उनकी नेतृत्व क्षमता की तारीफ की है। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पीएम मोदी को बधाई दे चुके हैं। 
विज्ञापन
पीएम मोदी - फोटो : पीएमओ/वेबसाइट
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। पीएम मोदी के जन्मदिन पर दुनियाभर से बधाई संदेश आ रहे हैं। कई देशों के नेताओं ने पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं और उनके लंबे और सुखमय जीवन की कामना की। कुछ नेताओं ने पीएम मोदी की बौद्धिकता और उनकी नेतृत्व क्षमता को सराहा। शाम को पीएम मोदी ने सभी वैश्विक नेताओं का धन्यवाद जताया। उन्होंने सभी वैश्विक नेताओं के पोस्ट को टैग करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। 
विज्ञापन


ऑस्ट्रेलिया के पीएम ने जारी किया वीडियो संदेश
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, 'मेरे मित्र प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ऑस्ट्रेलिया को भारत के साथ इतनी गहरी दोस्ती पर गर्व है और हम ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के अविश्वसनीय योगदान के लिए आभारी हैं। प्रधानमंत्री जी, मैं आपसे जल्द ही मिलने और हमारी दोस्ती व प्रगति के कई और वर्षों की कामना करता हूं।'
 
इस्राइली पीएम नेतन्याहू बोले- जन्मदिन मुबारक मेरे दोस्त
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर, इस्राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी, मेरे अच्छे दोस्त नरेंद्र, मैं आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हूं। आपने अपने जीवन में भारत के लिए बहुत कुछ किया है, और हमने मिलकर भारत और इस्राइल की दोस्ती में बहुत कुछ हासिल किया है। मैं जल्द ही आपसे मिलने के लिए उत्सुक हूं ताकि हम अपनी साझेदारी और अपनी दोस्ती को और भी ऊंचाइयों पर ले जा सकें। जन्मदिन मुबारक हो, मेरे दोस्त।'
विज्ञापन


न्यूजीलैंड के पीएम ने भी की जमकर तारीफ
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, 'नमस्कार, मेरे अच्छे मित्र प्रधानमंत्री मोदी। आपके 75वें जन्मदिन पर मेरी और न्यूजीलैंड के आपके सभी मित्रों की ओर से आपको बधाई। यह मील का पत्थर आपके नेतृत्व की बुद्धिमत्ता को दर्शाता है, क्योंकि आप 2047 तक भारत को एक विकसित देश बनाना चाहते हैं। मैं इस बात को लेकर बहुत उत्साहित हूं कि न्यूजीलैंड इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भारत के साथ और अधिक साझेदारी करेगा, क्योंकि हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि दोनों महान राष्ट्र वह सुरक्षा और समृद्धि प्राप्त करें जिसकी हमें चाहत है। मार्च में आपने मुझे जिस गर्मजोशी से मेरा आतिथ्य किया था, मैं उम्मीद करता हूं कि मैं भी न्यूज़ीलैंड में आपकी वैसी मेजबानी कर सकूंगा।'

ये भी पढ़ें- PM Modi Birthday: कभी मां से आशीर्वाद लेने पहुंचे, कभी किए उद्घाटन; प्रधानमंत्री ने कब-कैसे मनाया जन्मदिन?

भूटान के पीएम ने की दीर्घायु की कामना
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने कहा, 'हमारे राष्ट्रीय सैनिक और भूटान के सभी लोग आपके 75वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। इस खुशी के अवसर पर, हम आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और दीर्घायु की कामना करते हैं।'

बिल गेट्स बोले- आप भारत की प्रगति का नेतृत्व कर रहे
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के संस्थापक और माइक्रोसॉफ्ट के पूर्व सीईओ बिल गेट्स ने भी बधाई दी। उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी, आपके 75वें जन्मदिन पर आपको मेरी तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं क्योंकि आप भारत की शानदार प्रगति का नेतृत्व करते हैं और वैश्विक विकास में योगदान देते हैं। गेट्स फाउंडेशन भारत सरकार के साथ हमारी साझेदारी को बहुत महत्व देता है। हम सब मिलकर विकसित भारत की दिशा में प्रगति कर रहे हैं और वैश्विक दक्षिण के देशों के लिए सीख और नवाचार साझा कर रहे हैं। एक बार फिर, इस महत्वपूर्ण अवसर पर आपको मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।'

ब्रिटेन के पूर्व पीएम ऋषि सुनक ने पीएम मोदी को बताया अच्छा दोस्त
यूनाइटेड किंगडम के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी को उनके 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। इस अनिश्चित समय में, हम सभी को अच्छे दोस्तों की जरूरत है, और मोदी जी हमेशा मेरे और ब्रिटेन के अच्छे दोस्त रहे हैं। मुझे ब्रिटेन-भारत संबंधों को लगातार मजबूत होते देखकर खुशी हो रही है। मुझे पता है कि हम दोनों ने हाल ही में इंग्लैंड-भारत टेस्ट सीरीज का आनंद लिया, जो इस बात की याद दिलाती है कि हमारे दोनों देश कितनी समानताएं रखते हैं। एक ब्रिटिश-भारतीय परिवार से होने के नाते, यह रिश्ता हमेशा मेरे दिल में एक खास जगह रखेगा। मुझे 2023 में जी20 के लिए प्रधानमंत्री के रूप में अक्षता के साथ भारत की यात्रा हमेशा याद रहेगी। यह विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा के अनुरूप एक शानदार आयोजन था। मोदीजी, मैं आपको आपके जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हूं और जल्द ही आपसे मिलने की आशा करता हूं।'
 

मॉरीशस के पीएम ने भी दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने कहा, 'मुझे उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बहुत खुशी हो रही है। हम चाहते हैं कि वे स्वस्थ रहें और इस देश का नेतृत्व कर सकें जैसा कि वे कर रहे हैं।'

इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने भी दी जन्मदिन की बधाई
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी पीएम मोदी के साथ वाली तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि 'भारत के प्रधानमंत्री को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। उनकी शक्ति, दृढ़ संकल्प और लाखों लोगों का नेतृत्व करने की क्षमता प्रेरणा का स्रोत है। मित्रता और सम्मान के साथ, मैं उनके स्वास्थ्य की कामना करता हूं ताकि वे भारत को एक उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जा सकें और हमारे देशों के बीच संबंधों को और मज़बूत कर सकें।'

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी दी बधाई
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी और मास्को तथा नई दिल्ली के बीच साझेदारी को मजबूत करने में उनके व्यक्तिगत योगदान की सराहना की। रूसी नेता ने कहा, 'प्रिय प्रधानमंत्री जी, अपने 75वें जन्मदिन पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं स्वीकार करें। आप हमारे देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभकारी रूसी-भारतीय सहयोग विकसित करने में एक महान व्यक्तिगत योगदान दे रहे हैं।'

पुतिन ने आगे कहा कि मोदी ने सरकार के प्रमुख के रूप में अपने कामों के माध्यम से वैश्विक मंच पर देशवासियों के लिए सम्मान और अधिकार अर्जित किया है। पुतिन ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने सामाजिक, आर्थिक, वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में भी प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं।



पीएम मोदी ने जताया धन्यवाद
अपने जन्मदिन पर मिले बधाई संदेशों पर पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं का आभार जताया। इटली की प्रधानमंत्री जाॅर्जिया मेलोनी के पोस्ट पर पीएम मोदी ने लिखा कि प्रधानमंत्री मेलोनी आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। इटली की मित्रता की मैं तहे दिल से सराहना करता हूं और इसे और मजबूत करने की आशा करता हूं।

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के पोस्ट के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन से बात करके हमेशा खुशी होती है। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। आज अपनाए गए नए रणनीतिक यूरोपीय संघ-भारत एजेंडा के बारे में जानकर मुझे बहुत खुशी हुई। भारत-यूरोपीय संघ संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने के लिए भारत तैयार है। यह हमारी साझा प्रतिबद्धता, साझा लक्ष्य और साझा जिम्मेदारी है। हम यूक्रेन संघर्ष के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को धन्यवाद जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन का मेरे 75वें जन्मदिन पर फोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। हम अपनी विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भारत यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव योगदान देने के लिए तैयार है।

डोमिनिका गणराज्य के प्रधानमंत्री का भी पीएम मोदी ने धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा कि आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद प्रधानमंत्री स्केरिट। भारत डोमिनिका राष्ट्रमंडल के साथ मित्रता और एकजुटता के मजबूत संबंधों को गहराई से संजोए हुए है।

भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे के पोस्ट के जवाब में पीएम मोदी ने लिखा कि प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे का शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भूटान के साथ हमारी विशेष साझेदारी को और मजबूत करने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं।

आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज का धन्यवाद जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मेरे मित्र प्रधानमंत्री अल्बानीज का शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी और हमारे लोगों के बीच घनिष्ठ संबंधों को और मजबूत करने की आशा करता हूं।

पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लक्सन का हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं हमारी मित्रता को बहुत संजोता हूं। 2047 के विकासशील भारत के सफर में न्यूज़ीलैंड एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली का धन्यवाद जताते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि राष्ट्रपति अली का शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं आपकी हार्दिक भावनाओं से अभिभूत हूं। जो भारत और गुयाना के बीच गहरी मित्रता और आपसी विश्वास के बंधन को दर्शाती हैं।
विज्ञापन

पीएम मोदी ने जनता का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने देश-विदेश से जन्मदिन पर मिली बधाइयों पर भी आभार जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनशक्ति का आभार। देश-विदेश से मुझे मिली अनगिनत शुभकामनाओं, आशीर्वादों और स्नेह संदेशों से मैं सचमुच अभिभूत हूं। यह स्नेह मुझे शक्ति और प्रेरणा देता है। इसके लिए मैं जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

उन्होंने लिखा कि आपने जो अनगिनत शुभकामनाएं और मुझ पर जो विश्वास जताया है, वह मेरे लिए अपार शक्ति का स्रोत है। मैं इन्हें सिर्फ अपने लिए ही नहीं, बल्कि एक बेहतर भारत के निर्माण के लिए हम सब मिलकर जो काम कर रहे हैं, उसके लिए भी एक आशीर्वाद मानता हूं। मैं संकल्प लेता हूं कि विकसित भारत के अपने सपने को साकार करने के लिए और भी अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ काम करता रहूंगा। मैं व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाओं का उत्तर नहीं दे पाया हूं, लेकिन मैं फिर कहूंगा। इस स्नेह ने मेरे दिल को गहराई से छू लिया है। मैं सभी के उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना करता हूं।

पीएम मोदी ने लिखा कि पूरे भारत में लोग विभिन्न सामाजिक सेवा कार्य कर रहे हैं, जिनमें से कई आने वाले दिनों में भी जारी रहेंगे। हमारे लोगों में निहित यही अच्छाई हमारे समाज को जीवित रखती है और हमें आशा और सकारात्मकता के साथ सभी चुनौतियों का सामना करने का साहस देती है। मैं उन सभी का अभिनंदन करता हूं जो ऐसे प्रयासों में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें