प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। पोर्टल के शुरू होने के कुछ घंटों के अंदर ही करीब 111 कंपनियों ने खुद को पंजीकृत कराया। इतना ही नहीं, कंपनियां इस योजना के तहत अब तक 2,200 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देने की पेशकश कर चुकी हैं। इस योजना का मकसद युवाओं को रोजगार के योग्य बनाना है।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (एमसीए) के सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इंटर्नशिप पोर्टल पर शुक्रवार को दोपहर तीन बजे तक कई कंपनियों ने 2,200 से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण देने का प्रस्ताव दिया। पोर्टल पर लगभग 111 कंपनियां सूचीबद्ध हो चुकी हैं।
पायलट आधार पर बृहस्पतिवार को शुरू की गई योजना के तहत इंटर्नशिप के लिए चयनित युवाओं को 5,000 रुपये की मासिक वित्तीय सहायता मिलेगी। इसके अलावा उन्हें इंटर्नशिप का हिस्सा बनने पर एकमुश्त 6,000 रुपये की मदद दी जाएगी। इंटर्नशिप 12 महीने के लिए होगी। चालू वित्त वर्ष में 1.25 लाख इंटर्नशिप अवसर उपलब्ध कराने की योजना है।