Modi paid homage to Pingali Venkayya who designed Tricolour
- फोटो : social media
पीएम मोदी ने इस मौके पर पिंगली वेंकैया को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने राष्ट्र ध्वज की डिजाइन तैयारी की थी। आज यानी 2 अगस्त को वेंकैया की जयंती है। पीएम ने कहा, 'हमें तिरंगा देने के उनके प्रयासों के लिए हमारा देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा, जिस पर हमें बहुत गर्व है। तिरंगे से ताकत और प्रेरणा लेते हुए, हम राष्ट्र की प्रगति के लिए काम करते रहें।'
बता दें, देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर हर घर तिरंगा योजना की शुरुआत की गई है। हर नागरिक को अपने घर पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा लगाने की अपील की गई है।
पिंगली वेंकैया का जन्म दो अगस्त 1876 को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम भाटलापेनुमरु में हुआ था। वे ब्रिटिश फौज में सैनिक थे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के कई रूप बनाए थे। 1921 में विजयवाड़ा में महात्मा गांधी की अध्यक्षता में हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन में उनकी एक डिजाइन को मंजूरी दी गई थी। वैंकैया ने जो डिजाइन गांधीजी को बताई थी उसमें हरी और लाल दो धारियां और बीच में चरखा था। गांधीजी ने उन्हें एक सफेद पट्टी जोड़ने को कहा था।
पहली बार 1921 से कांग्रेस की सभी बैठकों में वेंकैया द्वारा तैयार झंडे को अनौपचारिक रूप से मंजूरी दी गई थी। इसके बाद 1931 में मौजूदा तिरंगे को औपचारिक रूप से मंजूर किया गया। यही तिरंगा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के अहिंसक आंदोलन और अब देश की शान बना हुआ है।