केबिन में दो क्रू मेंबर के बीच मारपीट की वजह से एयर इंडिया की एक फ्लाइट दो घंटे देर से उड़ी। विमान में कुछ सांसदों और अधिकारियों समेत 158 यात्री सवार थे। एयरलाइंस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोनों क्रू मेंबर को निलंबित कर दिया है।यह विमान कोच्चि होते हुए तिरुवनंतपुरम जा रहा था।
सूत्रों के अनुसार एक जूनियर केबिन क्रू और सेकेंड सीनियर केबिन क्रू के बीच पहले किसी व्यक्तिगत बात को लेकर बहस हो गई। कुछ देर बाद दोनों हाथापाई करने लगीं। मामला बढ़ने पर कमांडर ने हस्तक्षेप करना चाहा लेकिन दोनों नहीं मानीं। इस पर उन्होंने दोनों क्रू को विमान से उतारने का निर्णय लिया और उनकी जगह नया क्रू आया।
दूसरी ओर एयर इंडिया का कहना है कि दो क्रू सदस्यों के बीच मामूली विवाद हुआ था। एयर इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने कहा कि एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिएखेद जताया है। यह विमान रात करीब आठ बजे रवाना हुआ।