विश्वास से अस्पताल में मिलते मोदी
- फोटो : PTI
एअर इंडिया प्लेन क्रैश के एकमात्र जीवित यात्री विश्वास कुमार रमेश को अहमदाबाद सिविल अस्पताल से मंगलावर की शाम को छुट्टी मिल गई। अधिकारियों ने बताया कि विश्वास अपने दिवंगत भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए, जो उसी विमान में उनके साथ यात्रा कर रहे थे।
ये भी पढ़ें: PM Modi: क्या आप कनाडा से लौटते समय अमेरिका में रुकेंगे? जानें ट्रंप के बुलावे को पीएम मोदी ने क्यों ठुकराया
डीएनए मैच के बाद हुई भाई की पहचान
सिविल अस्पताल के डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि डीएनए परीक्षण से विश्वास के भाई अजय की पहचान हुई। इसके बाद बुधवार को अजय का पार्थिव शरीर परिवार को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा विश्वास का परिवार पहले ही यूनाइटेड किंगडम से आ चुका है।
दीव में हुआ अजय का अंतिम संस्कार
विश्वास कुमार ब्रिटिश व्यवसायी हैं और लीसेस्टर के निवासी हैं। वे दीव के मूल निवासी है। दोनों भाई दीव में अपने रिश्तेदारों के साथ कुछ समय बिताने के बाद वापस लंदन जा रहे थे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में विश्वास को अपने भाई के पार्थिव शरीर को अपने कंधों पर दीव के श्मशान घाट तक ले जाते हुए देखा जा सकता है।
242 लोगों में से एकलौते बचे विश्वास
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान में सावर 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई। विश्वास ने बताया था कि उनकी सीट आपातकालीन दरवाजे के पास थी, जिसकी वजह से उनकी जान बच गई। दुर्घटना के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अस्पताल में विश्वास से मुलाकात की थी। पीएम ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।