फूलपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के नागेंद्र सिंह पटेल ने जीत का श्रेय बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिया है।
उन्होंने जीत के बाद कहा 'मेरी इस जीत में बहनजी का भी बहुत आशीर्वाद था। एक विचारधारा के सभी दल एक हुए और हमारी जीत हुई। जीत का श्रेय अखिलेश जी, बहनजी और फूलपुर की जनता को देता हूं।'
बता दें कि बुधवार को आए चुनाव परिणाम में फूलपुर में नागेंद्र पटेल ने बीजेपी के कौशलेंद्र पटेल को 59613 वोटों से हरा दिया है। फूलपुर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सीट थी।
भाजपा के अंत की शुरुआत
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अखिलेश यादव, मायावती व राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू यादव को बधाई दी है। अपने ट्वीट में ममता ने कहा कि भाजपा के अंत की शुरुआत हो गई है। उन्होंने इसे महान जीत करार दिया। ध्यान रहे कि सपा ने बसपा के समर्थन से उत्तर प्रदेश की गोरखपुर व फूलपुर सीटें जीत ली हैं। बिहार की अररिया लोकसभा सीट पर भी राजद ने भाजपा को पटखनी दे दी है।