हाल ही में एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के एक विमान की एक तस्वीर वायरल हुई है। जिसके कारण विमानन कंपनी को काफी शर्मिंदगी भी झेलनी पड़ी है। दरअसल, कंपनी के एक विमान की खिड़की के टूटे कांच पर चिपके हुए टेप वाली यह तस्वीर एक यात्री ने सोशल मीडिया पर शेयर की दी थी। तस्वीर इंटरनेट पर अपलोड होते ही वायरल होने लगी और इसी के चलते सोशल मीडिया यूजर्स ने कंपनी की क्लास लगा दी। मामला इतना बढ़ा कि कंपनी को सफाई पेश करनी पड़ गई।
हरिहरन नाम के शख्स ने शेयर की थी फोटो
ट्वीटर पर इस फोटो को हरिहरन शंकरन नाम के शख्स ने शेयर किया था। उन्होंने इस फोटो को शेयर करते हुए स्पाइस जेट के विमानों में यात्रियों की सुरक्षा के बारे में सवाल उठाया था। हरिहरन पांच नवंबर को मुंबई से दिल्ली की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपना टिकट स्पाइस जेट के विमान में बुक कराया था।
जब वह अपनी सीट पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनके पास वाली सीट की खिड़की का कांच टूटा हुआ है और उसमें कामचलाऊ टेप लगाया गया है। तब उन्होंने इसकी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दी। जो कुछ ही घंटों में वायरल हो गई। इसके बाद लोगों ने स्पाइस जेट पर तरह-तरह के सवाल उठाने शुरू कर दिए।
मामला तूल पकड़ने के बाद स्पाइस जेट ने दी सफाई
इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि स्पाइस जेट को ही इस पर अपनी सफाई पेश करनी पड़ी। कंपनी ने कहा कि नमस्ते हरिहरन, स्पाइसजेट के लिए यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, एयरलाइन सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं कर सकती। इस मामले का संज्ञान ले लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अफसर-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं।