पंजाब नेशनल बैंक घोटाले में
एसआईटी जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। गीतांजलि के निवेशक और याचिकाकर्ता वैभव खुरानिया ने कहा कि उसे कंपनी ने धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि हमने गीतांजलि में निवेश किया था और इस दौरान हमने मेहुल चौकसी से भी मुलाकात की थी।
हमने एक दो महीने के भीतर ही एक दुकान खोली थी। लेकिन हमें कुछ दिन में ही पता चल गया कि कंपनी गलत दिशा में जा रही है। इसके बाद तीन से चार महीने के भीतर ही दुकान बंद हो गई। कंपनी ने हमें धोखा दिया और 80 लाख रुपए के हमारे शेयरों को चुरा लिया।
इसके बाद खुरानिया ने पुलिस में शिकायत की लेकिन कोई राहत नहीं मिली। फिर हम हाई कोर्ट गए और वहां से एफआईआर दर्ज कराई। खुरानिया ने कहा कि यह सब 2013 में शुरू हुआ था। लेकिन यह गड़बड़ी 2011-2012 से चल रही थी। उन्होंने कहा कि हमने उसी समय इस बारे में सीबीआई, एसईबीआई (सेबी), ईओडब्ल्यू और ईडी को जानकारी दी थी। लेकिन जांच एजेंसियां सतर्क नहीं हुईं।