अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में पत्रकार अर्णब गोस्वामी और उनके चैनल के खिलाफ तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर दिखाने का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है।
इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि मामले के तथ्यों को गलत तरीके से दिखाए जाने के कारण अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार का हनन हो रहा है।
मुख्य न्यायाधीश डीएन पटेल और न्यायमूर्ति प्रतीक जालान के समक्ष यह याचिका शुक्रवार के लिए सूचीबद्ध की गई थी, लेकिन पीठ ने इस याचिका पर सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तारीख तय की है।
पीठ ने याची को कुछ सुझावों के साथ आने के लिए कहा कि का सुझाव दिया और जानकारी मांगी कि अपराध के मामलों की जांच से जुड़ी रिपोर्टिंग के लिए किस तरह के नियम बनाए जा सकते हैं।
याची ने अधिवक्ता रणधीर कुमार लाल के जरिये अनुरोध किया है कि केंद्र को आपराधिक मामलों में जांच संबंधी रिपोर्टिंग या प्रसारण संबंधी नियम, दिशा-निर्देश जारी करने का निर्देश दिया जाए।
याचिका में इस मामले में कथित तौर पर ‘नुकसान पहुंचाने वाली रिपोर्टिंग’ करने का दावा करते हुए गोस्वामी और उनके चैनल के खिलाफ अवमानना कार्यवाही शुरू करने का भी अनुरोध किया गया है।
याचिका में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त पत्रकार और टीवी चैनल सुशांत की लिव इन पार्टनर रहीं रिया चक्रवर्ती को निशाना बना रहे हैं और जज, जूरी और सजा देने वाले की तरह बर्ताव कर रहे हैं। लिहाजा तरह की रिपोर्टिंग पर रोक लगाने का प्रावधान किया जाए ताकि मामले में निष्पक्ष सुनवाई हो सके।