मशहूर परफ्यूम विशेषज्ञ मोनिका घुरडे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनकी मौत गला घोंटने से हुई है। 6 अक्टूबर को 39 वर्षीय मोनिका का शव उनके सनगोल्डा स्थित फ्लैट में निर्वस्त्र मिला था।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या से पहले मोनिका का रेप होने या नहीं होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के डॉक्टरों के पैनल ने शनिवार को मोनिका के शव का पोस्टमार्टम किया।
डीएसपी महेश गांवकर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि उनकी मौत गला घोंटने से हुई है। पुलिस का कहना है कि वह जल्द कातिल को पकड़ लेगी। गौरतलब है कि मोनिका डेढ़ साल से अपने पति से बिना तलाक लिये अलग रह रही थीं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।