अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस डोनाल्ड ट्रंप से हार गई है। लेकिन उनके गांव के लोग कमला हैरिस को योद्धा बता रहे हैं। हैरिस के पैतृक गांव थुलासेंद्रपुरम के लोगों ने बुधवार को कहा कि, वह वापसी करेंगी क्योंकि हैरिस एक योद्धा हैं। सुबह से ही थुलासेंद्रपुरम के लोग टीवी के आगे टकटकी लगाए बैठे थे और चुनाव परिणामों पर बारीकी से नजर रख बनाए हुए थे।
इससे पहले कई लोग हैरिस की जीत की प्रार्थना के लिए श्री धर्म सास्था पेरुमल मंदिर भी गये। आज दिन की शुरुआत में उनके गांव मे काफी भीड़ देने को मिली थी। लेकिन जैसे ही कमला हैरिस चुनाव में पिछड़ी, लोगों ने गांव से जाना शुरू कर दिया। गांव धीरे-धीरे वीरान होता चला गया और गांव में सन्नाटा सा पसर गया। हैरिस के प्रशंसक जो एक दिन पहले गांव में आए थे, वे भी चले गए।
गांव वालों को थी जीत की उम्मीद
कमला हैरिस के इन प्रशंसकों में दो अमेरिकी और एक ब्रिटिश नागरिक शामिल था।द्रमुक की तिरूवरूर जिला इकाई के प्रतिनिधि और थुलसेंद्रपुरम गांव के नेता जे सुधाकर ने कहा कि, हम उनकी (हैरिस की) जीत की उम्मीद कर रहे थे और हमने दिवाली से भी बड़े जश्न की योजना बनाई थी।
उन्होंने कहा, हमने पटाखे जलाने, मिठाई बांटने, मंदिर में पूजा करने और सामुदायिक भोज का आयोजन करने की व्यवस्था की थी लेकिन सफलता और असफलता जीवन का हिस्सा हैं। यह एक कठिन लड़ाई थी और आपको उनकी (हैरिस की) जोरदार टक्कर की भावना की प्रशंसा करनी चाहिए। वह एक योद्धा है और वापसी करेंगी।
'वह केवल 60 वर्ष की हैं और हमें उम्मीद है कि वह अगला चुनाव जीत जाएंगी'
कलमा के गांव के अन्य सदस्य ने कहा कि हैरिस एक योद्धा के रूप में अपना सफर जारी रखेंगी और किसी न किसी दिन अमेरिका की राष्ट्रपति बनेंगी भले ही इस बार ऐसा न हो सका हो। वहीं गांव के निवासी टीएस अनबसारसु ने कहा, हम इस बात को पचा नहीं पा रहे हैं कि कमला हार गई, लेकिन राहत की बात यह है कि वह केवल 60 साल की हैं और हमें उम्मीद है कि वह अगला चुनाव जीत जाएंगी। हमें विश्वास है कि वह इस हार से निराश नहीं होंगी और लोगों के लिए काम करती रहेंगी।
अनबसारसु ने कहा, हमें उम्मीद है कि भविष्य में राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने के बाद वह हमारे गांव का दौरा करेंगी। हमें उम्मीद थी कि वह कुछ साल पहले हमारे गांव का दौरा करेंगी और हमने उनके रिश्तेदारों को संदेश भी भेजा था। हमारा गांव उनकी वजह से एक पर्यटक स्थल बन गया है। बता दें कि, डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति निर्वाचित हुए हैं। उन्हें 277 इलेक्टोरल वोट मिले हैं।