काफी विरोध और हिंसक प्रदर्शन के बाद आखिरकार पद्मावत पूरे देशभर में रिलीज हो गई है। कई जगहों पर विरोध जताने के लिए लोगों ने सिनेमा हॉल में तोड़फोड़ की खबरें सामने आई थीं। अब महाराष्ट्र के थाणे के कल्याण में स्थित भानु सागर सिनेमा में पद्मावत का विरोध करने के लिए पेट्रोल बम फेंका गया। हालांकि अभी किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
इससे पहले मेरठ के चंद्रा सिनेमा हॉल में भी बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की कोशिश की थी। हालांकि जलती बोतल सिनेमाघर के बाहर ही गिर गई। पुलिस दौड़ी तो आरोपी बाइक छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने सिनेमाघर के मैनेजर आसिफ की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। जिसके बाद देर रात को पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था।
विरोध प्रदर्शनों के बीच 25 जनवरी को रिलीज हुई संजय लीला भंसाली की फिल्म ताबड़तोड़ कमाई का सिलसिला जारी है। करणी सेना की धमकियों और हंगामे को दरकिनार करते हुए दर्शकों ने संजय लीला भंसाली, दीपिका और रणवीर का समर्थन किया। इसकी गवाह सिनेमाघरों में उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़ रही।