डिजिटल भुगतान की कंपनी पेटीएम ने एक ऐसा पीओएस मशीन पेश किया है, जो स्मार्ट मोबाइल फोन के ऐप पर चलेगा। इस पर किसी भी क्रेडिट या डेबिट कार्ड का उपयोग करने पर 31 दिसंबर 2016 तक कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह वैसे छोट कारोबारियों के लिए उपयोगी होगा, जिसके पास अभी तक पीओएस मशीन नहीं हैं।
पेटीएम के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) विजय शेखर शर्मा ने बुधवार को यहां ऐप जारी करते हुए हुए बताया कि पेटीएम ने अपने ऐप को अद्यतन करते हुए भारत का पहला प्वाइंट आफ सेल -पीओएस- पेश किया है। उल्लेखनीय है कि अभी तक किसी क्रेडिट या डेबिट कार्ड को स्वाइप करने के लिए एक पीओएस मशीन की जरूरत होती है। इस समय देश में पीओएस मशीनों की भीषण तंगी है। शर्मा का कहना है कि इससे डिजिटल भुगतान का लोकतंत्रीकरण होगा। इससे स्मार्टफोन व मोबाइल इंटरनेट की सुविधा रखने वाला कोई भी छोटा दुकानदार ग्राहकों से डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान ले सकता है।
इससे ऐसे जुड़ेंगे कारोबारी
उन्होंने बताया कि इस ऐप को डाउनलोड करने के बाद कारोबारी को उसे अपने फोन में इंस्टाल कर खोलना होगा। उसके बाद भुगतान स्वीकारें आयकन के तहत छोटे दुकानदार व कारोबारी अपने ब्यौरे की स्वघोषणा कर सकते हैं और बैंक खाते की जानकारी दे सकते हैं। सिर्फ इतना करने से ही वे 50000 रपये प्रति माह तक का भुगतान हासिल कर सकते हैं। इससे ऊपर का भुगतान प्राप्त करना हो तो उन्हें पैन नंबर देकर रजिस्टर्ड होना पड़ेगा।
31 दिसंबर तक फ्री ट्रांजेक्शन
शर्मा के मुताबिक इस ऐप पर 31 दिसंबर 2016 तक क्रेडिट या डेबिट कार्ड से भुगतान लेने का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। तब तक पेटीएम का पेमेंट बैंक आ जाएगा और उसमें यदि कारोबारी खाता खुलवा लेते हैं तो आगे भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। अन्य कारोबारी से रिजर्व बैंक के निर्देश के मुताबिक शुल्क लिया जाएगा।