अंडमान में 24 फरवरी को हुए पवन हंस हेलीकॉप्टर हादसे की जांच में सामने आया है कि पायलटों ने नियम के विरुद्ध इमरजेंसी फ्लोट सिस्टम को ऑन नहीं रखा था। इस वजह से पानी में गिरते ही हेलीकॉप्टर पलट गया। हादसे में एक की मौत हुई है और अब विमानन क्षेत्र में सुरक्षा नियमों को सख्त करने की मांग उठ रही है।
अंडमान-निकोबार के मायाबंदर में 24 फरवरी को हुए पवन हंस हेलीकॉप्टर हादसे को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की शुरुआती जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि हादसे के वक्त हेलीकॉप्टर का 'इमरजेंसी फ्लोटेशन सिस्टम' एक्टिवेट ही नहीं था। यह वही सिस्टम होता है जो हेलीकॉप्टर के पानी में गिरने पर उसे डूबने से बचाता है और सतह पर तैरने में मदद करता है।
विज्ञापन
नियमों को ताक पर रखने का खामियाजा
रिपोर्ट के मुताबिक, पवन हंस का 'एयरबस A365N3' हेलीकॉप्टर रंगहाट से मायाबंदर की ओर जा रहा था। जब हेलीकॉप्टर मायाबंदर हेलिपैड के नजदीक पहुंचा, तभी वह अचानक तेजी से नीचे आया और सीधे समुद्र में जा गिरा। हैरान करने वाली बात यह है कि कॉकपिट में मौजूद फ्लोट सिस्टम को पहले से सक्रिय नहीं रखा गया था, जबकि स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर यानी मानक संचालन प्रक्रिया के तहत समुद्री इलाके में उड़ते समय ऐसा करना अनिवार्य होता है।
सिस्टम चालू न होने की वजह से पानी से टकराते ही हेलीकॉप्टर अनियंत्रित होकर दाईं ओर पलट गया। गनीमत यह रही कि उस जगह पर समंदर महज चार से पांच फीट गहरा था, जिससे हेलीकॉप्टर का एक हिस्सा पानी के ऊपर ही रहा और सभी लोगों को बचाना संभव हो पाया।
हादसे में एक की मौत
इस दर्दनाक हादसे में एक यात्री को अपनी जान गंवानी पड़ी। वहीं एक मासूम बच्चे समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में दो अन्य लोगों को हल्की चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि दोनों पायलट सुरक्षित बच गए और उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी यात्रियों को पानी से बाहर निकालने में मदद की।
जांच ब्यूरो ने की सख्त कार्रवाई की सिफारिश
इस बड़ी लापरवाही के सामने आने के बाद एएआईबी ने नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) से कड़े कदम उठाने की सिफारिश की है। जांच ब्यूरो ने कहा है कि देश में काम कर रहे सभी हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों के काम की बारीकी से जांच की जाए। इसके साथ ही पायलटों को ट्रेनिंग देने और यात्रियों के लिए सीट बेल्ट व लाइफ जैकेट के नियमों को सख्ती से लागू करने को कहा गया है।