महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फडणवीस सरकार को दावोस में विश्व आर्थिक मंच की पिछली यात्राओं के दौरान हस्ताक्षरित एमओयू से प्राप्त निवेश और उत्पन्न नौकरियों पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। कांग्रेस नेता ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि 15.70 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 15.95 लाख नौकरियां पैदा करने की क्षमता वाले 61 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा, "महाराष्ट्र में निवेश का स्वागत करते हैं। जनता को इन समझौतों के बारे में और उनके पीछे की वास्तविकता को जानने का अधिकार है। पहले भी इसी तरह की बड़ी-बड़ी घोषणाएं की जा चुकी हैं। महायुति सरकार को दावोस में पिछले सौदों से निवेश और रोजगार सृजन पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।"
दावोस में 61 कंपनियों ने महाराष्ट्र सरकार के साथ समझौते किए
नाना पटोले ने बताया कि दावोस में 61 कंपनियों ने महाराष्ट्र सरकार के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किया। इन कंपनियों में 51 भारतीय और 10 विदेशी कंपनियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इनमें सिडको और बुक माई शो के बीच हस्ताक्षरित 1,500 करोड़ रुपये का सौदा शामिल है, जबकि मुंबई पुलिस कोल्डप्ले कॉन्सर्ट टिकटों की कालाबाजारी के लिए इन कंपनी की जांच कर रही है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एक समझौता हीरानंदानी के साथ भी किया गया, जिसके ऊपर ध्वस्ती कार्रवाई से जुड़े फर्जी दस्तावेज बनाने और ईपीएफओ स्कैम के लिए सीबीआई की जांच जारी थी।
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या सरकार इन फर्मों के साथ मिलकर कालाबाजारी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने दावा किया कि संविधान में राज्य के नीति निदेशक सिद्धांत (डीपीएसपी) के अनुच्छेद 47 में राज्यों को नशीले पेय के सेवन पर रोक लगाने की दिशा में काम करने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद राज्य सरकार ने शराब निर्माता हेनेकेन के साथ 750 करोड़ रुपये और बीयर निर्माता के साथ 1,500 करोड़ रुपये की साझेदारी की। क्या भाजपा नीत सरकार महाराष्ट्र में शराब की नदियां बहाना चाहती है?
ड्रोन बनाने के लिए धनश्री मंधानी की पीआरवाईएम के साथ हुई डील
नाना पटोले ने बताया कि ड्रोन बनाने के लिए धनश्री मंधानी की पीआरवाईएम के साथ जालना में डील हुई। लक्ष्य 6,000 ड्रोन बनाने का है और कंपनी का दावा है कि उसके पास 10000 वर्ग फुट का कारखाना है लेकिन कोई सुविधा मौजूद नहीं है। उन्होंने कहा कि जब फडणवीस दावोस में थे, तब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई मुंबई आए और अपने राज्य के लिए 6000 करोड़ रुपये का निवेश हासिल किया। उन्होंने आगे कहा, "इसी तरह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुणे का दौरा किया और वहां के उद्यमियों से मुलाकात की। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भाजपा का शासन है।"
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार को दावोस के नाम पर लोगों को गुमराह करने के बजाय राज्य में वास्तविक निवेश लाना चाहिए। उन्होंने शुक्रवार को भंडारा के ऑर्डिनेंस फैक्टरी में विस्फोट की घटना पर दुख व्यक्त किया। इसी के साथ उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में रक्षा फर्म भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा, "आरडीएक्स के लिए कच्चा माल तैयार करने वाली फैक्टरियां बहुत खतरनाक होती है। विस्फोट की गहन जांच सभी सांसदों की एक समिति से कराई जानी चाहिए।" शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा स्वतंत्र रूप से (नगर निगम) चुनाव लड़ने के संकेत के बारे में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि वह इस कदम का स्वागत करते हैं।