दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने मंगलवार को रिश्वतकांड के आरोपी सीबीआई के डीएसपी देवेंद्र कुमार और बिचौलिये मनोज प्रसाद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। बता दें कि इससे पहले सोमवार को देवेंद्र कुमार ने पटियाला हाउस अदालत में जमानत आवेदन दायर किया था। वहीं अदालत ने जमानत अर्जी पर सीबीआई से जवाब मांगा है।
उल्लेखनीय है कि देवेंद्र कुमार को कारोबारी सतीश सना का बयान दर्ज करने में फर्जीवाड़े के आरोप में 22 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था और वह फिलहाल सीबीआई रिमांड पर है। आज उनकी रिमांड अवधि खत्म हो रही थी लेकिन कोर्ट इसे 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। उन्होंने अपनी याचिका में तर्क दिया था कि उनको फर्जी मामले में एक षड़यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है।
बता दें कि हाईकोर्ट ने सोमवार को रिश्वतखोरी के एक मामले में बिचौलिये मनोज प्रसाद की याचिका पर सीबीआई से जवाब तलब किया था। आरोपी ने अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी रद्द करने की मांग की थी। बता दें कि रिश्वतखोरी के इस मामले में सीबीआई के विशेष निदेशक राकेश अस्थाना का भी नाम है। न्यायमूर्ति नजमी वजीरी ने सीबीआई को निर्देश दिया कि वह 31 अक्टूबर को या इससे पहले प्रसाद की याचिका पर जवाब दाखिल करे। अदालत ने मामले की सुनवाई 1 नवंबर तय की है।