दिल्ली से इंदौर जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 5074 के केबिन एयर कंडीशनिंग सिस्टम में शनिवार को खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा और उन्होंने हंगामा कर दिया। इस संबंध में इंडिगो ने बयान जारी कर कहा है कि यात्रियों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। इस तरह की समस्याएं रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली से इंदौर जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार को केबिन एयर कंडीशनिंग सिस्टम में खराबी आ गई, जिसके चलते यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एसी न चलने की वजह से एयरलाइन अधिकारियों से सवाल जवाब किए और हंगामा कर दिया। हालांकि, विमान के उड़ान भरने के बाद स्थिति में सुधार हुआ और एयर कंडीशनिंग सिस्टम ने काम करना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
फ्लाइट संख्या 6E 5074 शनिवार सुबह दिल्ली से इंदौर के लिए जाने वाली थी। जब यात्री विमान में पहुंचे तो वहां उन्हें एयर कंडीशनिंग की समस्या के चलते असुविधा हुई। विमान में सवार एक यात्री ने बताया कि सुबह जब विमान जमीन पर था तो उसका एयर कंडीशनिंग सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था।
ग्राहकों की सुविधा हमारी प्राथमिकता: इंडिगो
यात्रियों को असुविधा होने पर इंडिगो ने एक बयान जारी किया, जिसमें उसने कहा है कि हम ग्राहकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हैं। इस तरह की समस्याओं को रोकने के लिए सक्रिय कदम उठा रहे हैं। एयरलाइन के अनुसार, एयर कंडीशनिंग सिस्टम जमीन पर प्रभावी नहीं था, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। हालांकि, उड़ान भरने के बाद एयर कंडीशनिंग सिस्टम ठीक हो गया।
यात्रियों की संख्या के बारे में नहीं मिली जानकारी
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, यह फ्लाइट A321 विमान से संचालित की गई थी। विमान में यात्रियों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।