प्लेटफार्म से ट्रेन के चलने के एक मिनट पहले भी अब आप ट्रेन में आरक्षित बर्थ की बुकिंग करा सकेंगे। इतना ही नहीं अगर आप जिस स्टेशन से यात्रा कर रहे है और वहां से आरक्षित सीट खाली नहीं है और अगले स्टेशन से सीट खाली है तो उसी ट्रेन से यात्रा कर कुछ किलोमीटर की दूरी तय कर आरक्षित बर्थ से सफर कर सकते है। इतना ही नहीं अब आप अपना पसंदीदा सीट भी चुन कर टिकट की बुकिंग कर सकेंगे। यह सब कुछ संभव होगा रेलवे की आईआरसीटीसी साइट व एप के माध्यम से। आईआरसीटीसी के साइट पर इसके लिए चार्ट/वेकेंसी ऑप्सन पर क्लिक करना होगा।
रेल मंत्रालय ने ऑनलाइन बुकिंग इंफारमेशन सिस्टम को लांच कर दिया है। इस सिस्टम के तहत आप यह जान सकेंगे कि किस ट्रेन में कितनी सीट फुल है और कितनी खाली है। सीट खाली है तो किस कोच में और कौन सा बर्थ खाली है। यह भी पता कर सकते है कि आप जिस ट्रेन से सफर करना चाहते है उस ट्रेन में किस स्टेशन से कहा तक आरक्षित बर्थ खाली है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस सिस्टम को लागू करने के दौरान कहा कि पारदर्शिता के तहत यह कदम उठाया गया है। फिलहाल ट्रेन छूटने के आधे घंटे पले दूसरी चार्ट तैयार की जाती है।
इस चार्ट के तैयार होने के बाद यह पता चल जाएगा कि किस ट्रेन में आरक्षित बर्थ खाली है। लिहाजा फिलहाल आप ट्रेन छूटने के आधे घंटे पहले उस ट्रेन में अपना आरक्षित बर्थ बुक करा सकेंगे। उन्होंने बताया अगले एक महीने के भीतर यह भी व्यवस्था होगी कि आप ट्रेन छूटने के एक मिनट पहले भी टिकट बुक करा सके। राजधानी, शताब्दी समेत अन्य प्रीमियम ट्रेनों में यह सुविधा पहले मिलेगी इसके बाद सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में भी मिलनी शुरू हो जाएगी।
इस सुविधा के शुरू होने से यह भी संभव हो सकेगा कि कुछ दूरी आप अनारक्षित कोच में तय करें फिर जिस स्टेशन से सीट उपलब्ध हो उस स्टेशन से ट्रेन में बैठे हुए भी मोबाइल एप से टिकट बुक कर आरक्षित श्रेणी वाले कोच में यात्रा कर सकेंगे। आप ट्रेन मे यात्रा करते वक्त टीटीई से गुजारिश करके या अतिरिक्त पैसा दे कर यात्रा करने की मजबूरी भी नहीं होगी। रेल मंत्री ने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में आईआरसीटीसी अपने 30 बेस किचेन को भी ई-दृष्टि डैसबोर्ड से जोड़ेगा। इसके बाद ट्रेन के यात्री यह पता कर सकेंगे कि उनका खाना किस कब, कहा, कैसे पकाया गया है।