2014 लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान नरेंद्र मोदी की 'बोटी-बोटी काटने' की धमकी देने वाले पश्चिमी यूपी के कांग्रेस नेता इमरान मसूद एक बार फिर चर्चा में हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली जिले के कार्यकर्ताओं ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर से मांग की है कि मसूद को क्षेत्र में पार्टी के चेहरे के तौर पर पेश किया जाए।
2014 में इमरान मसूद सहारनपुर से चुनाव लड़ रहे थे। उसी दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया था। बाद में मसूद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था और उन्हें जेल की हवा तक खानी पड़ी। इस घटना के बाद से कांग्रेस ने इमरान मसूद से थोड़ी दूरी बना ली थी।
जानकारी के मुताबिक, मसूद को पार्टी फेस बनाने संबंधी मांग सोमवार को लखनऊ में हुई बैठक के दौरान उठी। प्रशांत किशोर ने सहारनपुर और झांसी डिविजन के नेताओं को इस बैठक में बुलाया था। सूत्रों के मुताबिक, सहारनपुर के तहत आने वाले तीनों डिविजन के कांग्रेस नेताओं ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीजेपी से दो-दो हाथ करने के लिए मसूद के नाम का समर्थन किया।