प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन इस बार उत्तर प्रदेश में नए अंदाज में मनाया जाएगा। इस दिन भाजपा विधायक राज्य के प्राइमरी स्कूलों में जा जाकर छात्रों को मोदी के मिशन और न्यू इंडिया का पाठ पढ़ाएंगे। ईटी की खबर के अनुसार पार्टी के एक सीनियर लीडर ने बताया कि पार्टी के विधायक छात्रों के बीच जाकर समय बिताएंगे और उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के बारे में बताएंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 311 विधायक हैं।
उक्त लीडर के अनुसार भाजपा के सभी विधायकों से एक स्कूल का चयन कर 16 और 18 सितंबर को वहां जाने के लिए कहा गया है। पीएम मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है, उस दिन रविवार है इसलिए विधायक एक दिन पहले और एक दिन बाद में स्कूलों का दौरा करेंगे।
इस दौरान विधायक स्कूलों में बच्चों को मिठाइयां बाटेंगे और छात्रों को स्कूल में दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता ने कहा यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले 15 सालों में राज्य के स्कूल केवल मिड डे मील बांटने की जगह बनकर रह गए हैं।
प्रदेश सरकार में मंत्री सतीश महाना ने बताया कि हमने अपने विधायकों से कहा है कि वे स्कूल जाएं और छात्रों से बातचीत करें और वहां दी जा रही सुविधाओं का जायजा लें। उनसे ये भी कहा गया है कि जितना संभव हो समय समय पर प्राइमरी स्कूलों के दौरे करते रहें।