टीएमसी नेता पार्थ चटर्जी के खिलाफ बंगाल में विरोध प्रदर्शन।
- फोटो : Social Media
बंगाल की तृणमूल सरकार के नेताओं के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोपों और एक के बाद एक खुलासे को लेकर राज्य भर में विपक्ष पार्टियां- वाम फ्रंट और भाजपा मौजूदा सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आईं हैं। चोर धरो, जेल भरो के स्लोगन के साथ एक ओर जहां वाम फ्रंट राज्य भर में जगह-जगह मौजूदा सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहा है, वहीं भाजपा भी सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आई है।
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ बाजार जीटी रोड चौमाथे पर सड़क अवरोध कर भारतीय जनता पार्टी द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं ने पुलिस के सामने ही सड़क पर जाम लगाकर कर विरोध जताया। भाजपा कार्यकर्ता सिर पर कुमड़ा रखकर तथा पार्थ चटर्जी की तस्वीर पर 2000के नोट का माला पहनाकर अपना रोष व्यक्त कर रहे थे। भाजपा ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने गिरफ्तार मंत्री को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने भ्रष्ट नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की।
बंगाल के उद्योग मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद से ही शनिवार से ही पूरे राज्य भर में विरोधी राजनीतिक दलों के द्वारा भ्रष्टाचार में लिप्त सत्तासीन पार्टी के और नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन शुरू हो गया है। इतना ही नहीं इन नेताओं को तुरंत उनके पदों से बर्खास्त करने की भी मांग उठने लगी है। पश्चिम पूर्व बर्दवान के साथ ही बीरभूम जिले में शनिवार शाम से ही विभिन्न शहरों और ग्रामीण अंचल में तृणमूल सरकार के खिलाफ तथा भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन शुरू हो गया है।