मशहूर समाजसेवी, सोशलाइट और महिला उद्यमी परमेश्वर गोदरेज का सोमवार की रात ब्रीच कैंडी में निधन हो गया। गोदरेज समूह के अध्यक्ष आदि गोदरेज की पत्नी 72 वर्षीय परमेश्वर को फेफड़े की बीमारी थी। बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी परमेश्वर देश की शुरुआती एयरहोस्टेस में से एक थीं। इसके बाद उन्होंने जिंदगी में एक के बाद कई भूमिकाएं निभाईं। ड्रेस डिजाइनर, इंटीरियर डिजाइनर से लेकर सोशलाइट और औैर फिंलेथ्रॉपिस्ट की भूमिका निभा कर उन्होंने साबित कर दिया कि वह हर काम जज्बे से कर सकती हैं।
परमेश्वर हमेशा स्टाइल आइकन मानी जाती रहीं। सत्तर के दशक में उन्होंने टॉप हीरोइनों के कपड़े डिजाइन किए। इसके बाद वह इंटीरियर डिजाइनिंग की ओर मुड़ी और ‘इनर स्पेस’ नाम से मशहूर डिजाइनिंग कंपनी खड़ी की। मुंबई, दिल्ली और लंदन के रईसों में उनकी कंपनी की सेवा लेने की होड़ लग गई।
उन्हें नजदीक से जानने वाले वरिष्ठ पत्रकार वीर संघवी का कहना है कि संभवत: डिजाइनिंग में उनका सबसे बड़ा योगदान रेस्तरां डिजाइन के क्षेत्र में है। इसके बाद उन्होंने अपने पति के समूह गोदरेज के रियल एस्टेट डिवीजन को संभाला। संघवी कहते हैं कि उनमें एक के बाद कई भूमिकाएं निभाने की असाधारण क्षमता थी।
दान और लोगों की भलाई के काम में भी उन्होंने मुकाम हासिल किया। उनके इस काम से दुनिया की कई मशहूर हस्तियां जुड़ीं। हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड गेर, बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन और क्लिंटन ग्लोबल इनिशिएटिव के साथ मिलकर उन्होंने एड्स के खिलाफ मुहिम चलाई।
परमेश्वर अरबपति थीं लेकिन विनम्रता उनमें कूट-कूट कर भरी थी
परमेश्वर अपनी शानदार पार्टियों और जबरदस्त मेजबानी के लिए भी मशहूर थीं। उनकी पार्टियों में ग्लैमर, खेल और बिजनेस की नामी-गिरामी हस्तियां शामिल होती थीं। बड़ी तादाद में सेलिब्रिटी उनकी पार्टियों और ग्लैमर के मुरीद रहे हैं। परमेश्वर ने आदि गोदरेज से लंबे प्रेम के बाद 1965 में शादी की थी। उनके तीन बच्चों में बेटी निसा गोदरेज और तान्या दुबाश ओर बेटा पिरोजशा हैं।
संघवी कहते हैं, परमेश्वर पंजाबी मध्यवर्ग से ताल्लुक रखती थीं। अमूमन ऐसी कोई महिला जब किसी अरबपति से प्रेम के बाद शादी करती है तो उसी की दुनिया में खुद को फिट करने की कोशिश करती है। लेकिन उन्होंने अपनी अलग छाप छोड़ी। जितना गोदरेज के पारंपरिक पारसी परिवार ने उन्हें नहीं बदला, उतना उन्होंने गोदरेज परिवार को बदल दिया। परमेश्वर पारिवारिक मूल्यों, ग्लैमर और साहस की अद्भुत संगम थीं।
मशहूर क्रिकेटर इमरान खान का ने ट्वीट कर शोक जताया ‘अपने करीबी मित्र परमेश्वर गोदरेज का बीती रात निधन होने से टूट गया हूं। मेरे सबसे कठिन वक्त में वह हमेशा मेरे साथ रहीं।’
वरिष्ठ पत्रकार वीर संघवी ने कहा कि परमेश्वर अरबपति थीं लेकिन विनम्रता उनमें कूट-कूट कर भरी थी। सालों पहले मेरे जैसे नए पत्रकार से वह बेहद शालीनता और विनम्रता से पेश आई थीं। स्टाइल और ग्लैमर के मामले में तो उनका कोई जवाब ही नहीं था।
परमेश्वर ने 1975 में ड्रीम गर्ल के नाम से मशहूर हेमा मालिनी के लिए कपड़े डिजाइन किए थे। अपने निर्देशक मित्र फिरोज खान के कहने पर उन्होंने यह काम किया था। परमेश्वर के निधन से पूरा बॉलीवुड शोक में डूब गया है। शबाना आजमी, करण जौहर, अर्जुन रामपाल, फरहान अख्तर और अनुपम खेर ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मशहूर अभिनेता कबीर बेदी ने कहा कि उनके जाने से हिल गया हूं। वह मेरे विज्ञापनों के दिनों की दोस्त थीं।