सार
संसदीय पैनल ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में ये बातें कहीं। संसद में श्रम, कपड़ा और कौशल विकास समिति पर संसदीय स्थायी समिति की ओर से पेश 52वीं रिपोर्ट के अनुसार पैनल ने विभिन्न कानूनों के तहत बच्चे की परिभाषा में अस्पष्टता पाई।
बाल श्रम को खत्म करने का लक्ष्य दूरगामी है। इसके लिए लंबा रास्ता तय करना होगा। सबसे पहले 'बच्चे' की एक समान परिभाषा बताने की जरूरत है। संसदीय पैनल ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट में ये बातें कहीं। संसद में श्रम, कपड़ा और कौशल विकास समिति पर संसदीय स्थायी समिति की ओर से पेश 52वीं रिपोर्ट के अनुसार पैनल ने विभिन्न कानूनों के तहत बच्चे की परिभाषा में अस्पष्टता पाई।
पैनल ने विभिन्न अधिनियम के तहत बच्चे को परिभाषित करने का हवाला दिया:
- पैनल ने कहा, बाल और किशोर श्रम (निषेध और विनियमन) अधिनियम, 1986 (सीएएलपीआरए) के अनुसार 'बच्चे' का मतलब एक ऐसा व्यक्ति है जिसने चौदहवां वर्ष की उम्र पूरी नहीं की है।
- निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत, छह से चौदह वर्ष की आयु वाले पुरुष और महिला को 'बच्चे' के रूप में परिभाषित किया गया है।
- न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 के अनुसार, 1986 में इसके संशोधन द्वारा एक 'बच्चे' को ऐसे व्यक्ति के रूप में परिभाषित किया गया है जिसने अपनी आयु का चौदहवाँ वर्ष पूरा नहीं किया है।
- वहीं, किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 'बच्चे' को ऐसे व्यक्ति के रूप में परिभाषित करता है, जिसने अठारह वर्ष की आयु पूरी नहीं की है।
- स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में किशोर को 10-19 वर्ष के बीच के व्यक्ति के रूप में परिभाषित किया गया है।
केरल पुलिस ने वाईसी मार्च हिंसा पर विपक्षी नेता सतीसन के खिलाफ मामला दर्ज किया
केरल पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीसन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सतीसन को राज्य सचिवालय तक युवा कांग्रेस के मार्च के दौरान हुई हिंसा मामले का पहला आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि सतीसन पर मार्च के दौरान पुलिस पर हमला करने का और सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने का कथित आरोप है। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। युवा कांग्रेस और केरल छात्र संघ (केएसयू) के सदस्यों ने मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को काले झंडे दिखाए थे।
धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्र से मांगी मदद
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्र से सहायता मांगी है। दरअसल, ओडिशा के राउरकेल में डायरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पिछले एक सप्ताह में 1500 से अधिक मामले सामने आए हैं। डायरिया के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। डायरिया चिंताजनक है।
एयर इंडिया में आग लगने की चेतावनी
राष्ट्रीय राजधानी से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया के एक विमान एआई 814 के एक इंजन में आग लगाने की चेतावनी का संकेत था। एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि विमान ठीक से उतरा और निरीक्षण करने पर आग या धुएं का कोई निशान नहीं मिला। एहतियात के तौर पर, आपातकाल घोषित किया गया और हवाई यातायात नियंत्रण को सूचित किया गया।