फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संसद : राज्यसभा में एसपीजी पर वोटिंग, कांग्रेस ने किया वॉकआउट

Tue, 03 Dec 2019 04:52 PM IST
Priyesh Mishra न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:31 PM, 03-Dec-2019

लोकसभा के बाद मंगलवार को राज्यसभा से एसपीजी बिल (स्पेशल प्रोटेक्शन बिल (संशोधन) 2019) पास हो गया है। हालांकि इस दौरान कांग्रेस के सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस बिल पर सदन में अपनी बात रखी। 
 

 

04:16 PM, 03-Dec-2019
राज्यसभा में अमित शाह - फोटो : ANI

राज्यसभा में एसपीजी बिल पर बहस जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा  कि यह सच नहीं है कि गांधी परिवार को ध्यान में रखते हुए हम एसपीजी बिल लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि बिल लाने से पहले ही खतरे की समीक्षा करने के बाद गांधी परिवार की सुरक्षा हटाई गई थी। 
 


 

03:59 PM, 03-Dec-2019

एसपीजी कानून पर चर्चा 

विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) कानून में संशोधन को समय की मांग बताते हुए गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि इस बल को और अधिक प्रभावी बनाने औक कानून के मूल उद्देश्य को बहाल करने के उद्देश्य से एसपीजी अधिनियम संशोधन विधेयक लाया गया है।

रेड्डी ने विशेष सुरक्षा समूह अधिनियम संशोधन विधेयक को चर्चा एवं पारित करने के लिये रखते हुए उच्च सदन में कहा कि यह विधेयक इसलिए लाया गया है ताकि एसपीजी कानून के मूल उद्देश्य को बहाल किया जा सके, बल को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
 

विज्ञापन
02:05 PM, 03-Dec-2019

कश्मीर में आतंकी घटनाओं में कमी

गृह मंत्रालय ने लोक सभा में कहा- अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर में 5 अगस्त के बाद से आतंकी घटनाओं में कमी आई है। 5 अगस्त 2019 से 27 नवंबर 2019 के बीच 88 ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जबकि 12 अप्रैल 2019 से 4 अगस्त 2019 के बीच 106 मामले सामने आए हैं। 
मंत्रालय ने कहा- आतंकी घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजनों को राज्य की योजना के अंतर्गत एक लाख रुपये और केंद्र की योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये मुआवजे के तौर पर दिए गए हैं। 

 

01:23 PM, 03-Dec-2019

प्याज की माला पहनकर पहुंचे आप सांसद 

आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह राज्यसभा में प्याज की माला पहनकर पहुंचे। गले पर तख्ती भी टांगे हुए थे जिसमें लिखा था- पासवान जी बताएं कि 32 हजार टन प्याज क्यों सड़ा दिया। महंगे प्याज पर लोकसभा में हंगामा भी हुआ।  

वहीं, राज्यसभा में सीपीएम सांसद के के रागेश ने कहा कि प्याज की आसमान छूती कीमतें लोगों को रुला रही हैं, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले इस स्थिति का फायदा उठा रहे हैं लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में प्याज की कीमत 120 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।सरकार के एक बयान को उद्धृत करते हुए रागेश ने कहा कि गोदामों में 32,000 टन प्याज सड़ गया लेकिन इसे बाजार में नहीं निकाला गया। यह प्याज बाजार में आता तो कीमत इतनी अधिक नहीं बढ़ती।
 

विज्ञापन
12:55 PM, 03-Dec-2019

अगले साल एक जून से ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड 

उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि आगामी एक जून से ‘एक राष्ट्र, एक राशनकार्ड’ की व्यवस्था आरंभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में राशन कार्ड के लिए 14 राज्यों में पॉश मशीन की सुविधा आरंभ हो गई है। जल्द ही 20 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में यह शुरू हो जाएगी।

 

12:54 PM, 03-Dec-2019

डीयू में मैथिली भाषा पढ़ाए जाने की मांग

राज्यसभा में मंगलवार को भाजपा सांसद प्रभात झा ने दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में मैथिली भाषा भी पढ़ाए जाने की मांग की। झा ने सभापति एम वेंकैया नायडू की अनुमति से मैथिली भाषा में ही सदन में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कोलकाता और बनारस विश्वविद्यालय में भी बहुत पहले से यह भाषा पढ़ाई जा रही है।

12:52 PM, 03-Dec-2019

राजोआना को कोई माफी नहीं दी गई है: शाह

गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआना को कोई माफी नहीं दी गई है। सदन में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य और बेअंत सिंह के पौत्र रवनीत सिंह बिट्टू के एक पूरक प्रश्न के उत्तर में शाह ने यह जानकारी दी। बिट्टू ने सवाल किया कि क्या राजोआना को माफी दी जा रही है? इस पर शाह ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट पर मत जाइए। कोई माफी नहीं की गई है। गौरतलब है कि राजोआना को बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी है।

 

12:25 PM, 03-Dec-2019

लोकसभा में भाजपा सांसद पूनम महाजन ने कहा- कल सभी सांसद हैदराबाद की महिला डॉक्टर की हत्या के विरोध में एकजुट थेे। कुछ समय बाद, जिनके नाम में धीर है, ऐसे अधीर रंजन जी आपके धीर का बांध टूट गया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर उन्होंने जो टिप्पणी की वो सबसे बुरा हुआ। निर्बल तो आप हैं दादा कि एक परिवार की महिला के लिए आप खड़े हैं और उसी की सुरक्षा और सम्मान के लिए लड़ रहे हैं। 
 


 

12:21 PM, 03-Dec-2019

लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बयान पर हंगामा। चौधरी ने पीएम मोदी-अमित शाह को घुसपैठिया और वित्त मंत्री को निर्बला सीतारमण कहा था। 
 

 

12:02 PM, 03-Dec-2019

दुष्कर्मियों को हमेशा के लिए जेल में रखा जाए- हेमा मालिनी

वहीं, महिला सुरक्षा और हैदराबाद में महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या के मुद्दे पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि हम आए दिन इस तरह की खबरें सुन रहे हैं। मेरा सुझाव है कि ऐसे लोगों को हमेशा के लिए जेल में रखना चाहिए। उन्हें कभी भी जेल से रिहा नहीं किया जाना चाहिए।
 





 

12:02 PM, 03-Dec-2019

कांग्रेस सांसद कोडिकुन्निल सुरेश ने प्रियंका गांधी की सुरक्षा चूक पर कहा कि पार्टी इस मुद्दे को संसद में उठाएगी। हम ये मामला शून्यकाल में उठाएंगे। कल इस मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव भी देंगे। 
 

 

10:08 AM, 03-Dec-2019

संसद : राज्यसभा में एसपीजी पर वोटिंग, कांग्रेस ने किया वॉकआउट

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान मंगलवार को एसपीजी संशोधन बिल आज राज्यसभा में पेश होगा। यह बिल लोकसभा में पारित हो चुका है लेकिन राज्यसभा में इस पर विपक्ष का विरोध देखने को मिल सकता है। लोकसभा में भी चर्चा के दौरान कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।

इस बिल को संसद के उच्च सदन में पारित करवाने के लिए भाजपा संसदीय दल की बैठक संसद के पुस्तकालय भवन में हुई। माना जा रहा है कि राज्यसभा में संख्या बल में कम मोदी सरकार कई अन्य सांसदों के समर्थन के लिए रणनीति बना रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व सहित कई सांसद पुस्तकालय भवन पहुंचे हैं।



बता दें कि एसपीजी संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कांग्रेसी सांसद मनीष तिवारी ने सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने इस बिल को राजनीति से प्रेरित बताया था। वहीं अमित शाह ने इस बिल को पेश करते हुए कहा था कि नए कानून के तहत एसपीजी सुरक्षा सिर्फ प्रधानमंत्री तक ही सीमित रहेगी, ये सुरक्षा प्रधानमंत्री के अलावा पद से हटने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री के पास पांच साल तक रहेगी।

वहीं कई दलों के सासंदों ने अलग-अलग विषयों पर राज्यसभा में शून्यकाल नोटिस दिया है। भाजपा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर ने राज्यसभा में देश में नकली कॉल सेंटर को खत्म करने के लिए शून्यकाल नोटिस दिया। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के सांसद शांतनु सेन ने राज्यसभा में देश में नकली नोटों को लेकर शून्यकाल नोटिस दिया।

बीजू जनता दल के सांसद प्रसन्ना आचार्य ने राज्यसभा में ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय आपदा लचीलापन और जोखिम प्रबंधन संस्थान की स्थापना को लेकर शून्यकाल नोटिस दिया है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें